आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनवाने में लापरवाही बरतने पर 5 राशन डीलर व दो पंचायत सहायकों पर हुई कार्रवाई
गभाना। आयुष्मान भव: योजना के तहत लाभार्थियों के बनाए जा रहे आयुष्मान गोल्डन कार्ड को लेकर लापरवाही बरतने पर एसडीएम ने पांच राशन डीलरों व दो पंचायत सहायको पर कार्रवाई की है।
एसडीएम केबी सिंह ने बताया कि केंद्र व प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना आयुष्मान भव: योजना के तहत पात्र गृहस्थी राशनकार्ड धारक जिसके परिवार में छह या उससे अधिक सदस्य हैं तथा ऐसे राशनकार्ड धारक जिनकी उम्र 60 वर्ष या उससे अधिक है को 5 लाख रुपये तक का निश्शुल्क उपचार उपलब्ध कराने के लिए आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाए जा रहे हैं।
जिसमें स्वास्थ्य कर्मियों के अलावा, आंगनबाड़ी, राशन डीलर व ग्राम पंचायत से जुड़े अधिकारियों व कर्मचारियों को लाभार्थियों के कार्ड बनवाने के लिए निर्देशित किया गया है। गांव ओगीपुर, रामनगर व एलमपुरा के राशन डीलरों द्वारा लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनवाने में कोई भी दिलचस्पी न लेने व सरकारी कार्य में लापरवाही बरतने पर आरोप पत्र जारी किया गए हैं। वहीं रसीदपुर गोरना व ख्यामई के राशन डीलरों द्वारा भी लापरवाही करने पर दोनों की ई-पॉश मशीनों को जब्त कर लिया गया है।
नगला पदम व ओगीपुर के पंचायत सहायकों द्वारा भी आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनवाने में लापरवाही बरतने पर बीडीओ चंडौस राहुल वर्मा ने सीडीओ को दोनों की सेवा समाप्ति के लिए पत्र भेजा है। एसडीएम ने कहा कि शासनस्तर की इस महत्वाकांक्षी योजना में लापरवाही करने वाले किसी भी कर्मचारी व राशन डीलरों को कतई नहीं बख्शा जाएगा। उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।