महिला की मौत पर परिजनों ने निजी अस्पताल पर किया हंगामा
चंडौस। क्षेत्र के गांव चीमनपुर की एक महिला की प्रसव के 14 दिन बाद हुई मौत को लेकर बुधवार की सुबह परिजनों ने कस्बा स्थित एक निजी अस्पताल कर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। हालांकि अस्पताल संचालक व पीड़ित पक्ष में आपसी समझाैते के बाद परिजन बिना कोई कानूनी कार्रवाई के शव को अपने साथ ले गए और अंतिम संस्कार कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार क्षेत्र के गांव चीमनपुर निवासी आकाश की 22 वर्षीय पत्नी वर्षा सात माह की गर्भवती थी। करीब 14 दिन पूर्व वर्षा को प्रसव पीड़ा हुई। जिस पर परिजन उसे कस्बा स्थित एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे। वर्षा को ज्यादा परेशानी बढ़ते हुए देख डॉक्टरों ने उसका ऑपरेशन कर प्रसव करा दिया। जिसमें वर्षा को बेटा पैदा हुआ, लेकिन बेटा की कुछ समय बाद ही मौत हो गई।
महिला की हालत में सुधार होने पर डॉक्टरों ने छुट्टी कर दी और परिजन उसे घर ले गए। मंगलवार को अचानक से वर्षा की तबियत बिगड़ने लगी। परिजन उसे फिर से कस्बा के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत ज्यादा खराब होने पर डॉक्टरों ने उसे अलीगढ़ के लिए रेफर कर दिया। जहां पर देर रात्रि में उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई।
बुधवार सुबह परिजन महिला के शव को लेकर अस्पताल पर पहुंच गए और डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा करने लगे। सूचना पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और हंगामा कर रहे लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया।
बाद में अस्पताल संचालक व पीड़ित पक्ष के बीच आपसी समझौता हो गया, जिसके बाद परिजन महिला के शव को लेकर गांव चले गए जहां पर उन्होंने उसका अंतिम संस्कार कर दिया। इंस्पेक्टर सीताराम सरोज ने बताया कि पीड़ित पक्ष व अस्पताल संचालक में समझौता हो गया, जिस पर परिजन ने कोई भी कार्रवाई से इंकार कर दिया, मामले में कोई भी तहरीर नहीं आई है।