पड़ोसी की दीवार गिरने से 3 बच्चे दबे, मासूम बच्ची की हुई मौत
अलीगढ़। थाना रोरावर क्षेत्र के जलालपुर में मंगलवार देर रात पड़ोसी के घर की दीवार आचानक से गिर पड़ी। इस दौरान आंगन में चारपाई पर सो रहे तीन बच्चे दीवार के मलवे के नीचे दब गए। दीवार गिरने की आवाज पर आस-पड़ोस के लोग एकत्रित हो गए।
परिजन व ग्रामीणों ने मलबे के नीचे दबे बच्चों को बाहर निकालकर आनन-फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर डॉक्टरों ने एक तीन वर्षीय बच्ची को मृत घोषित कर दिया। जबकि उसकी एक बहन की हालत गंभीर देखते हुए दिल्ली रेफर कर दिया। हादसे के बाद बच्ची के परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार जलालपुर निवासी राजेश कुमार टेंपों चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनके चार बच्चे हैं। पड़ौस में ही उनके परिवार के तेज सिंह पुत्र अचल सिंह अपने पूराने मकान को तुड़वाकर नया निर्माण करा रहे हैं।
उन्होंने अपने मकान की छत से पत्थर उतरवाकर दीवार के सहारे रख रखे थे। दीवार जर्जर होने के चलते पत्थरों का वजन नहीं सह पाई और मंगलवार रात्रि में दीवार भरभरा कर गिर पड़ी। हादसे से पूर्व राजेश व उनकी पत्नी पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ होने के चलते पड़ौस में ही एक डॉक्टर के यहां दवा लेने के लिए गए हुए थे।
जबकि उनकी एक बेटी लघुशंका करने के लिए गई थी। दीवार के मलवे के नीचे राजेश की 12 वर्षीय बेटी गौरी, 8 वर्षीय बेटा वंश व एक वर्षीय बेटी कोमल दब गए। बच्चों की चीख पुकार व दीवार गिरने की आवाज सुनकर आस-पड़ौस के लोग मौके पर एकत्रित हो गए।
परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से दीवार के मलवे को हटाकर घायल तीनों बच्चों को बाहर निकाल और उपचार को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां पर डॉक्टरों ने एक वर्षीय बच्ची कोमल को मृत घोषित कर दिया। वहीं गौरी की हालत गंभीर देखते हुए दिल्ली के लिए रेफर कर दिया, जबकि वंश का उपचार करने के बाद उसकी छुट्टी कर दी गई।
सूचना पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और जांच पड़ताल में जुट गई। परिजनों ने परिवार का मामला होने पर कोई भी कानूनी कार्रवाई से इंकार कर दिया। हादसे के बाद मृतक बच्ची की मां व अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।