गभाना पुलिस ने दो वारंटियों को किया गिरफ्तार
गभाना। थाना पुलिस ने कोर्ट में चल रहे अलग-अलग मामलों में वांछित चल रहे दो वारंटियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया है।
इंस्पेक्टर गभाना राम कुंवर सिंह ने बताया कि क्षेत्र के गांव नगौला निवासी लाल साहब पुत्र घूरेला व सिंकदरपुर भुकरावली निवासी बौबी पुत्र राम सिंह कोर्ट में चल रहे अलग-अलग मामलाें में पिछली कई तारीखों से गैर हाजिर चल रहे थे। जिस पर कोर्ट से दोनों के खिलाफ वारंट जारी हुए थे। कोर्ट से जारी वारंट के आधार पर शुक्रवार को पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर कोर्ट में मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया है।
ट्रांसफार्मर से सामान चोरी
गभाना। क्षेत्र के गांव पला सल्लू में किसान के नलकूप पर लगे ट्रांसफार्मर को चोर क्षतिग्रस्त कर उसमें से सामान चोरी कर ले गए। पुलिस ने जेई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने के साथ ही चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
कौरह रूस्मपुर बिजलीघर जेई बंशीधर दुबे ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि क्षेत्र के गांव पला सल्लू में गांव के ही किसान कुशलपाल सिंह के खेतों पर नलकूप के लिए 25 केवीए का ट्रांसफार्मर रखा हुआ था। बुधवार रात में चोरों ने ट्रांसफार्मर को जोड़े से नीचे गिराकर क्षतिग्रस्त कर दिया और उसमें से क्वाइल, तेल व अन्य कीमती सामान चुरा लिया। गुरुवार सुबह जब किसान खेतों पर पहुंचा तब घटना की जानकारी हो सकी। पुलिस ने जेई के तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है, पुलिस चोरों की तलाश में जुटी है।