मजदूरी कर लौट रहे मोपेड सवार पिता-पुत्र को रोडवेज बस ने रौंदा, दोनों की मौत
अलीगढ़। थाना अकराबाद क्षेत्र में हाईवे पर गांव खेड़ा नरायन सिंह के पास मजदूरी कर घर लौट रहे मोपेड सवार पिता-पुत्र को रोडवेज बस ने रौंद दिया। हादसे में दोनों की मौत हो गई। पिता-पुत्र की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार अकराबाद थाना क्षेत्र के गांव चितरौली निवासी 55 वर्षीय दुर्गपाल सिंह घरों में रंगाई पुताई का काम करते थे। शुक्रवार शाम को वह अपने 20 वर्षीय बेटे अनिल व गांव के ही टीकम सिंह के साथ अलीगढ़ के थाना गांधीपार्क क्षेत्र डोरी नगर से मजदूरी करने के बाद मोपेड से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह हाईवे पर गांव खेड़ा नरायन सिंह के पास पहुंचे तभी पीछे से तेज गति से आ रही एटा डिपो बस ने उनकी मोपेड में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि टीकम सिंह मामूली रूप से चुटैल हो गया। हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना पाकर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। वहीं हादसे में पिता-पुत्र की मौत के परिवार में कोहराम मच गया है। घटना के बाद आरोपी चालक बस को छोड़कर मौके से फरार हो गया।