बिजली के तारों से साधु के आश्रम में लगी आग, सारा सामान जलकर हुआ खाक
लोधा। क्षेत्र के गांव नदरोई में बिजली के तारों से निकली चिंगारी से एक साधू के आश्रम में आग लग गई। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को बुझाया, लेकिन तब तक साधू का सारा सामान जलकर राख हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार गांव नदरोई में हनुमान मंदिर के पास ही ओमप्रकाश भारती पीर बाबा का आश्रम है। शुक्रवार शाम को आश्रम के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तारों से उठी चिंगारी से आश्रम में आग लग गई। आश्रम में आग लगने की जानकारी पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। ग्रामीणों ने अथक प्रयासों के बाद आग को बुझाया, लेकिन तब तक साधू का सारा सामान जलकर राख हो गया।