पेड़ पर लटका मिला भट्ठा संचालक का शव, हत्या की आशंका
इगलास। कोतवाली क्षेत्र के गांव मोहकमपुर में गांव से कुछ ही दूर स्थित ईंट भट्ठा पर संचालक का शव मंगलवार की दोपहर को पेड़ पर लटका मिला। घटना को लेकर हत्या व आत्महत्या की आशंका व्यक्त की जा रही है। पुलिस मामले की जाँच में जुटी है।
मोहकमपुर निवासी 45 वर्षीय देवेंद्र शर्मा पुत्र सुंदर लाल शर्मा गांव के ही मुनेश कुमार के साथ साझेदारी में ओम सांई भट्ठा का संचालन कर रहे थे। मंगलवार सुबह करीब छह बजे वह भट्ठा पर गए थे। दोपहर करीब 1:30 बजे उनका शव भट्ठा पर ही पेड़ पर लटका मिला।
गले में गमछा का फंदा लगा हुआ था। सूचना पर सीओ अपराध रंजन शर्मा, इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार सिंह मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाए है।
कुछ लोग इसे आत्महत्या मान रहे हैं तो कुछ हत्या की आशंका जता रहे हैं। इंस्पेक्टर ने बताया कि मृतक के बेटे श्यामू शर्मा ने पिता के कुछ समय से भट्ठा को लेकर तनाव में रहने की बात कही है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच पड़ताल में जुटी है।