शनिदेव के दर्शन कर घर लौट रहे गभाना के दो युवकों की हादसे में हुई मौत
गभाना। मथुरा के कोकिलावन स्थित शनिदेव मंदिर से दर्शन कर घर लौट रहे गभाना के दो युवकों की मांट थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में मौत हो गई। मथुरा पुलिस ने दोनों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। हादसे के बाद मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार बुलंदशहर के थाना छतारी के गांव नारऊ निवासी रूप सिंह का 25 वर्षीय बेटा ओमप्रकाश उर्फ विकास लंबे समय से कस्बा में किराये के मकान में रहकर बिरयानी की दुकान चलाता था। शनिवार को ओमप्रकाश अपने साथी 20 वर्षीय रोहित कुमार पुत्र अजय वर्मा निवासी रामपुर-गभाना के साथ बाइक से मथुरा के कोकिलावन स्थित शनिदेव मंदिर में दर्शन के लिए गए थे। देर शाम दोनों लोग घर लौट रहे थे। जैसे ही वह मथुरा के थाना मांट क्षेत्र के नौहझील मार्ग पर गांव नगला घूरे के पास पहुंचे तभी किसी वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन मौके पर पहुंच गए। रविवार को मथुरा पुलिस ने दोनों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। देर शाम को दोनों के शव घर पहुंचते ही परिवार में हाहाकार मच गया।