धूमधाम से निकली श्रीराम की बारात
इगलास। नगर में श्री रामलीला कमेटी के तत्वावधान में चल रही श्री रामलीला में धनुष टूटने के बाद श्रीराम की बारात बैंड बाजों के साथ धूमधाम से निकाली गई। बारात में श्रीगणेश, राधा-कृष्ण, शिव-पार्वती, हनुमानजी, मां दुर्गा आदि की झांकियां सजी हुई थी। झांकियों के साथ घोड़े पर बैठे दूल्हा बने राम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न चारों भाई अति शोभायमान थे। बैंड-बाजे व ढोल की मधुर ध्वनियों पर बाराती झूमते नाचते चल रहे थे। राम बारात मुख्य चौराहा, सराय बाजार, पथवारी मंदिर, गोंडा मार्ग से अलीगढ़ मार्ग होती हुई हाथरस मार्ग स्थित रामलीला मैदान में सजाई गई जनकपुरी पहुंची। यहां राम-सिया का विवाह संपन्न कराया गया।