राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को दूरस्थ शिक्षा में लागू करने को हुआ मंथन
इगलास। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के अध्यक्ष प्रो. एम जगदीश कुमार द्वारा दूरस्थ शिक्षा का संचालन कर रहे विश्वविद्यालयों के कुलपतियों के साथ ऑनलाइन बैठक की। बैठक में मंगलायतन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. पीके दशोरा भी शामिल रहे। बैठक में राष्ट्रीय शिक्षा नीति – 2020 को दूरस्थ शिक्षा में लागू किए जाने के संबंध में विस्तार से चर्चा हुई।
यूजीसी के अध्यक्ष ने सरकार द्वारा जारी मापदंड विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड किए जाने, डिग्री डिप्लोमा प्रमाण पत्र यूजीसी के नियमानुसार जारी किए जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति के अनुसार सभी विद्यार्थियों को अकेडमिक बैंक ऑफ क्रेडिट में पंजीकरण अनिवार्य किया जाए जिससे विद्यार्थियों को इसका लाभ प्राप्त हो सके।
औद्योगिक क्षेत्र के अनुभवी लोगों को विश्वविद्यालयों में प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस के पद पर आसीन करना चाहिए। जिससे विद्यार्थियों को उनके अनुभवों का लाभ प्राप्त हो सके।
यूजीसी की गाइडलाइन के अनुसार विद्यार्थियों के लिए अकादमिक शिक्षा के साथ औद्योगिक प्रशिक्षण अनिवार्य है। कुलपति प्रो. पीके दशोरा ने बताया कि हमने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के साथ इसके मूलभूत सिद्धांतों जैसे इंटर्नशिप, सामाजिक उन्नति, प्रोजेक्ट, उद्यमशीलता, शोध एवं नवप्रवर्तन को अपनाया है।
विश्वविद्यालय शैक्षणिक कार्य के साथ अपने सामाजिक दायित्वों का भी निर्वहन कर रहा है। हमारा प्रयास है कि प्रत्येक विद्यार्थी में नैसर्गिक प्रतिभा के साथ राष्ट्रवाद व नैतिकताओं के प्रति दृढ़ भाव जागृत हो सके।