बहन की शादी को रुपये जमा करने आया था बैंक, जालसाज लेकर हुए फरार
चंडौस। कस्बा स्थित बैंक में रुपये जमा करने आए युवक से दो जालसाज 30 हजार रुपये लेकर रफूचक्कर हो गए। पीड़ित ने अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस सीसीटीबी कैमरे खंगालने के साथ ही टप्पेबाजों की तलाश में जुटी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार क्षेत्र के गांव गैयनपुर निवासी रंजीत पुत्र जुगेंद्र मेहनत मजदूरी करते हैं। मंगलवार को वह कस्बा स्थित एसबीआई की शाखा में अपनी दिव्यांग बहन की शादी के लिए 30 हजार रुपये जमा करने के लिए पहुंचे। अनपढ़ होने के चलते उन्होंने वहां मौजूद दो लोगों से रुपये जमा कराने को फॉर्म भरवाया। इसी बीच दोनों युवक उसे बातों में उलझाते हुए हाथ में से रुपये लेकर जमा करने की कहते हुए निकल गए। काफी देर तक दोनों युवक बैंक से बाहर नहीं निकले तो उसे शक हुआ। उसने दोनों युवकों को इधर-उधर तलाश किया, लेकिन कहीं पता न चल सका। जिस पर पीड़ित ने सूचना थाना पुलिस को दे दी। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बैंक व आस-पास बाजारों में लगे सीसीटीबी कैमरों को खंगाला, लेकिन दोनों जालसाजों का कोई सुराग नहीं मिल सका। पीड़ित ने बताया कि कुछ समय बाद उसकी बहन की शादी है। उसकी शादी के लिए वह बैंक में रुपये जमा करने आ रहा था। पीड़ित ने अज्ञात युवकों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। पुलिस दोनों आरोपियों की तलाश में जुटी है।