हाईवे महरावल पुल के पास ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की युवक की मौत, साथी घायल
गभाना। नेशनल हाईवे पर महरावल पुल के पास ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराने के साथ ही युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार चंडौस थाना क्षेत्र के गांव पहावटी निवासी 20 वर्षीय दीपक कुमार पुत्र कृपाल सिंह मजदूरी करता था। गुरुवार को वह अपने ही गांव के मिस्त्री होरीलाल के साथ अलीगढ़ गया था। जहां से दोनों युवक दोपहर में बाइक से गांव लाैट रहे थे।
जैसे ही वह हाईवे पर महरावल पुल के पास पहुंचे तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दीपक की ट्रक के पहिए के नीचे आकर मौके पर ही कुचलकर मौत हो गई, जबकि होरीलाल गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना पाकर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया, वहीं घायल को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया।
सूचना पाकर मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। हादसे के बाद मृत के परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया। मृतक दीपक चार भाई व एक बहनों में सबसे बड़ा था।
