ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलटा, दबकर दो लोगों की हुई मौत
लोधा। नेशनल हाईवे पर गांव ताजपुर-रसूलपुर के पास अज्ञात वाहन ने टैक्टर-टैंकर में टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर के नीचे दबकर दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार बदायूं के थाना बिसौली के गांव आगपुर निवासी 24 वर्षीय सर्वेंद्र पुत्र देवेंद्र व बागपत के बड़ौत के गांव मलकपुर निवासी 28 वर्षीय सूरज पुत्र मनोज हाईवे किनारे फाइवर केवल डालने का काम करते थे।
गुरुवार दोपहर में दोनों युवक पानी के टैंकर लगे ट्रैक्टरको लेकर गभाना की तरफ से खेरेश्वर चौराहे की तरफ जा रहे थे। जैसे ही वह हाईवे पर ताजपुर-रसूलपुर के निकट पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे किसी वाहन ने ट्रैक्टर में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्डे में जा पलटा। हादसे में दोनों युवक ट्रैक्टर के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना पाकर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को ट्रैक्टर के नीचे से निकलवाकर उपचार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों के पास मिले मोबाइल फोन के आधार पर दोनों की शिनाख्त हो सकी। इंस्पेक्टर विपिन कुमार ने बताया कि हादसे की सूचना दोनों मृतकों के परिजनों को दे दी गई, परिजन अलीगढ़ के लिए रवाना हो गए हैं, फिलहाल दोनों के शवों को मोर्चरी में रखवा दिया है।
