घनी आबादी में अवैध रूप से बनाई जा रही थी आतिशबाजी
-पुलिस ने भारी मात्रा में बरामद की विस्फोटक सामग्री
अलीगढ़। थाना छर्रा पुलिस ने घनी आबादी में एक घर पर छापेमारी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से तैयार की जा रही देशी अतिशबाजी को पकड़ लिया। पुलिस ने घर से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की है। वहीं मौके पर मौजूद पांच आरोपी भाग जाने में सफल रहे। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
सीओ छर्रा शुभेंदु सिंह ने बताया कि गुरुवार को पुलिस को कस्बा में घनी आबादी के बीच कुम्हारान मोहल्ला में अवैध रूप से देशी आतिशबाजी बनाए जाने की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस टीम ने एक मकान पर छापेमार कार्रवाई की।
पुलिस को देखकर वहां मौजूद पांचों लोग भाग जाने में सफल रहे। पुलिस टीम को मकान से अधबनी आतिशबाजी व भारी मात्रा में विस्फोट सामग्री बरामद हुई है। सीओ ने बताया कि भागे गए आरोपी के नाम असरफ पुत्र खेराती, अनीश पुत्र यामीन, रहीश अहमद पुत्र यामीन, सत्तरपाल पुत्र खेराती व नौशाद पुत्र कमरूद्दीन निवासी कुम्हारन मोहल्ला प्रकाश में आए हैं।
जिनके खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
यह हुआ बरामद
सीओ छर्रा शुभेंदु सिंह ने बताया कि पुलिस टीम के छापेमारी के दौरान 630 किलो अधबने पटाखा, 237 किलो बने हुए देशी पटाखा, 66.5 किलो कागज व सूतली, 33 किलाे काला बारूद, 10 किलो पुटाश, 20 किलो गंधक व 35 रेत बरामद हुआ है।
छापेमारी करने वाली टीम में ये रहे शामिल
इंस्पेक्टर बालेंद्र सिंह, एसआई हरेंद्र सिंह, एसआई विनीत कुमार, एसआई पंकज कुमार वेदवान, हेड कांस्टेबल दुर्विजय सिंह, केदारनाथ, कांस्टेबल सुगंध प्रताप सिंह, रविंद्र बाबू, विशाल कुमार आदि शामिल रहे।
