गोल्ड मेडल विजेता खिलाड़ी का ग्रामीणों ने किया जोरदार स्वागत
लोधा। क्षेत्र के गांव जिरौली डोर के खिलाड़ी वीरेश माथुर पुत्र रामवीर सिंह ने तमिलनाडु में हुई 38 वीं नेशनल जूनियर एथलेक्टिक्स चैंपियनशिप की 200 मीटर दौड़ को महज 21.26 सेकंड में गोल्ड मेडल जीतकर जनपद व क्षेत्र का नाम रोशन किया है। रविवार को खिलाड़ी के गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने ढ़ोल नगाड़ों के साथ फूलमाला पहनाकर जोरदार स्वागत किया। गांव के ही शेरखान ने वीरेश को 11 हजार रुपये की नगद राशि देकर सम्मानित किया।
पिता ने कर्जा लेकर भेजा था खेलने
वीरेश माथुर का का नेशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप में चयन होने पर परिवार में खुशी का माहौल था, लेकिन आर्थिक स्थिति खराब होने पर जाना असंभव लग रहा था। लेकिन माता-पिता ने बेटे के सपनों को पूरा करने के लिए हार नहीं मानी। उन्होंने तीन प्रतिशत की व्याज दर से कर्जा लिया, वहीं मां नेक्सा देवी व बहन विमलेश ने खेतों में मजदूरी करके खिलाड़ी को जूते व कपड़े दिलाकर प्रतियोगिता में भेजा। वीरेश के गोल्ड मेडल लाने पर परिजनों का खुशी का ठिकाना नहीं है। इस दौरान ग्रामीणों ने खिलाड़ी साथ ही माता-पिता को शुभकामनाएं दी।