स्कूल में पढ़ा रही शिक्षिका के साथ प्रधानाध्यापक ने की छेड़छाड़
पिसावा। थाना क्षेत्र के एक गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में क्लास में पढ़ा रही शिक्षिका के साथ प्रभारी प्रधानाध्यापक द्वारा छेड़छाड़ करने व विरोध पर धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर प्रधानाध्याप के खिलाफ छेड़छाड़ समेत सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बच्चों का आंकलन कराने के बहाने ऑफिस में बुलाया
पीड़ित शिक्षिका ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह एक दिसंबर को करीब 11 बजे स्कूल में अपनी कक्षा में बच्चों को पढ़ा रही थी। इसी दौरान प्रभारी प्रधानाध्यापक हरिदत्त शर्मा ने बच्चों का आंकलन करने के बहाने उसे ऑफिस में बुला लिया। इस दौरान प्रभारी प्रधानाध्यापक उससे अश्लील बातें करने लगा। जिस पर वह विरोध करते हुए आॅफिस से बाहर जाने लगी। आरोप है कि इसी दौरान उसने उसका हाथ पकड़ कर खींच लिया और अश्लील हरकर की। चीखने-चिल्लाने पर शिक्षामित्र व बच्चे वहा आ गए।
पूर्व मे भी गलत हरकत करने का कर चुका है प्रयास
पीड़िता के अनुसार प्रभारी प्रधानाध्यापक उससे पूर्व में भी गलत हरकत करने का प्रयास कर चुका है, लेकिन इस बार उसने शारीरिक रूप से टच किया। वह राजनैनिक प्रभाव व स्थानीय होने के कारण अलीगढ़ में नौकरी न करने की धमकी देता है। कहता है कि यदि मेरी बात नहीं मानी तो यहां नौकरी नहीं कर पाएगी या स्कूल में ही फांसी लगा लेगी। पीड़िता ने जान-माल का खतरा बताते हुए थाना पुलिस के अलावा मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत कर सुरक्षा की गुहार लगाई है।
जांच कराकर की जाएगी कठोर कार्रवाई
बीएसए डा. राकेश कुमार सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। बीईओ खैर से जांच कराई गई है। मामला गंभीर है, ऐसी हरकत किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नही की जाएगी। जांच रिपोर्ट मिलने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।