रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

थाने में दारोगा की पिस्टल से चली गोली, महिला गंभीर घायल

  •  आरोपी दारोगा मौके से हुआ फरार, एसएसपी ने किया निलंबित
  •  पासपोर्ट के लिए बेरीफिकेशन कराने थाने पहुंची थी महिला

अलीगढ़। थाना कोतवाली नगर में दारोगा की लापरवाही के चलते पिस्टल से चली गोली वहां खड़ी एक महिला के सिर में जा लगी। जिसमें महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। आनन-फानन में महिला को उपचार के लिए जेएन मेडिकल में भर्ती कराया गया है। जहां पर उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं घटना के बाद आरोपी दारोगा मौके से फरार हाे गया। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हुई है। आरोपी दारोगा की गिरफ्तारी को लेकर लाेगों ने करीब आधा घंटा तक कोतवाली पर हंगामा किया। मामले में घायल महिला के बेटे ने दरोगा पर जानबूझकर गोली मारने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है।

पासपोर्ट को वेरिफिकेशन कराने बेटा के साथ पहुंची थी महिला

तुर्कमान गेट हड्डी गोदाम के पास निवासी शकील अहमद की पत्नी इशरत जहां बेटा इशान के साथ शुक्रवार को करीब तीन बजे पासपोर्ट के लिए वेरिफिकेशन कराने के लिए कोतावली गई थी। कार्यालय में भुजपुरा चौकी इंचार्ज मनोज कुमार भी मौजूद थे। इशरत जहां व उनका बेटा कर्मचारी की सीट के सामने खड़े थे। तभी एक सिपाही ने शस्त्रगार से पिस्टल निकालकर दारोगा मनोज कुमार को दी। दारोगा ने पिस्टल लेते ही बिना मैंगजीन निकाले लोड किया और ट्रिगर दबा दिया। उस समय पिस्टल की नाल इशरत जहां की ओर थी। गोली लगते ही महिला जमीन पर गिर पड़ी। मां के गोली लगते ही बेटा भौचक्का रह गया, जबकि सरकारी पिस्टल से गोली चलते से कोतवाली में हड़कंप मच गया। महिला को आनन-फानन में उपचार को जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। जानकारी पर एसएसपी कलानिधि नैथानी व उच्चाधिकारी ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर महिला का हाल-चाल जाना। वहीं घटना के बाद दारोगा मनोज कुमार मौके से फरार हो गया।दारोगा की ग‍िरफ्तारी की मांग को लेकर किया हंगामा

थाना कोतवाली में दारोगा की लापरवाही के चलते गोली लगने से महिला के घायल होने की जानकारी पर बड़ी संख्या में लोग कोतवाली पर एकत्रित हो गए। वह आरोपी दारोगा की गिरफ्तारी की मांग करते हुए हंगामा करने लगे। एसएसपी कलानिधि नैथानी समेत तमाम आलाधिकारी के अलावा पूर्व विधायक जमीर उल्लाह व पूर्व मेयर मोहम्मद फुरकान मौके पर पहुंचकर हंगामा कर रहे लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया। एसएसपी ने महिला के परिजनों को आरोपी की जल्द गिरफ्तारी व कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने का अाश्वासन दिया।

तीन महीने पहले ही दारोगा ने जनपद में कराई है आमद

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार दारोगा मनोज कुमार ने तीन माह पूर्व ही जनपद आगरा से अलीगढ़ जनपद में आमद कराई गई है। जिसके बाद उन्हें कोतवाली नगर की चौकी भुजपुरा का चौकी प्रभारी बनाया गया।

वहीं करीब एक माह पूर्व भी दारोगा का वीडियो वायरल हुआ था। वह गली से निकल रहे थे और इस दौरान गली में जाम लगा हुआ था। जिसके बाद उनका पारा चढ़ गया और उन्होंने वहां मौजूद लोगों के साथ गाली गलौज शुरू कर दी। लोगों ने विरोध करने की कोशिश की तो इस पर वह और ज्यादा भड़क गए और गाली देते हुए बोले कि तू मुझे नहीं जानता है। उन्होंने जमकर अपशब्द बोले और वहां से निकल गए। यह सारी घटना मुहल्ले में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। जो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल भी हुई थी।

जानबूझकर गोली मारने का आरोप लगाते हुए दर्ज कराया मुकदमा

घायल इशरत जहां के बेटा इशान ने दारोगा पर जानबूझकर गोली मारने आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़ित के अनुसार कोतवाली से दारोगा मनोज कुमार का पासपोर्ट वैरिफिकेशन के लिए कॉल आने पर वह मां के साथ दोपहर बाद कोतवाली पहुंचे और वैरिफिकेशन के लिए भुजपुरा चौकी प्रभारी मनोज कुमार से मिले। दारोगा ने कहा कि अभी काम है तुम एक घंटे रुक जाओ। इस पर उसने दरोगा से अनुरोध किया कि उसकी मां बीपी और शुगर की मरीज है। वह बार-बार नहीं आ सकती है, वैरिफिकेशन अभी कर दो। इस पर दरोगा ने उग्र होकर उसकी मां के ऊपर अपनी सरकारी पिस्टल से जान से मारने की नियत से फायर कर दिया। गोली सीधे उसकी मां के गर्दन के नजदीक जा लगी। गोली लगते ही मां जमीन पर गिर पड़ी और बेहोश हो गई। उसके बाद आरोपी दरोगा मौके से फरार हो गया।

दारोगा को किया निलंबित, गिरफ्तारी को टीमें गठित

एसएसपी कलनानिधि ने बताया कि लपरवाही के चलते दारोगा मनोज कुमार को तत्काल निलंबित कर दिया गया है। आरोपी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी को टीमें गठित की गई है। मामले में पीड़िता के बेटे की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही दारोगा को गिरफ्तार किया जाएगा। घायल महिला का इलाजा मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों की निगरानी में किया जा रहा है।

 

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!