सरकार की मंशा पात्र लाभार्थियों के घरों तक पहुंचे योजनाओं का लाभ- सुशील गुप्ता
गभाना। क्षेत्र के गांव नबावपुर में गुरुवार को विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत शिविर लगाकर पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभांवित किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों की ओर स्टाल लगाकर सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं के बारे में ग्रामीणों को जानकारी देते हुए उनका लाभ उठाने की अपील की गई।
कार्यक्रम में भाजपा के सह जिला कोषाध्यक्ष हरवेंद्र उर्फ सुशील गुप्ता ने विकसित भारत संकल्प यात्रा के उद्देश्य के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि सरकार की मंशा है कि महत्वाकांक्षी योजनाओं को समाज के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति को भी आसानी से पहुंचाया जा सके। उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकारों ने विभिन्न योजनाओं को संचालित किया, लेकिन उनका लाभ पाने के लिए पात्र लाभार्थियों को इधर-उधर भटकना पड़ता था, लेकिन उसे लाभ नहीं मिल पाता था। लेकिन पीएम मोदी व सीएम योगी के नेतृत्व में संचालित योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों के घर-घर पहुंचकर दिया जा रहा है। युवा भाजपा नेता विजय सिंह उर्फ पप्पू ने पीएम किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, पीएम आवास योजना, अन्न योजना समेत विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं विभिन्न विभागों की ओर से स्टाल लगाकर ग्रामीणों को योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम में मंडल संयोजक विपिन सिंह, राहुल वर्मा, सीमा सिंह, सियाराम, विजय सिंह, बृजेश प्रताप सिंह, मुकेश चौधरी आदि मौजूद रहे।