बारिश व नाला चोक होने से फसल जलमग्न
इगलास। क्षेत्र के गांव कांन चिरोली में बारिश के पानी के कारण फसल जलमग्न हो गई है। बरसाती नाला चोक होने के कारण खेतों से पानी नहीं निकल पा रहा है। किसानों ने समस्या के समाधान की मांग की है।
गांव चिरोली के दीपक, भगवान सिंह, राजू, पप्पू, शंकर, अमर सिंह, डालचंद, भूरा आदि किसानों ने बताया कि बारिश के कारण उनकी धान की फसल जलमग्न हो गई है। वैसे तो धान की फसल को अधिक पानी की आवश्यकता होती है। लेकिन धान के पौधे डूबने के कारण नुकसान होने की आशंका है। अधिक बारिश होने पर खेतों में भरा पानी बरसाती नाले से होकर करबन नदी में पहुंच जाता है। लेकिन इगलास कस्बा में नाले में कूड़ा कचरा डाले जाने के कारण नाला चोक हो गया है। जिससे बारिश का पानी आगे नहीं जा रहा है और फसलें जलमग्न हो रही है।