दुकान की छत काटकर चोरी
इगलास। कोतवाली क्षेत्र के गांव हस्तपुर में मुरारीलाल पुत्र शिवराम सिंह की श्रीजी किराना स्टोर के नाम से दुकान है। उनका कहना है कि शनिवार की रात्रि में दुकान की छत काटकर चोर चोरी कर ले गए। चोर गल्ले से पांच हजार रुपये के साथ ही 25 पैकेट पान मसाला, 30 डिब्बी सिगरेट, 30 पैकेट बीडी, 35 किलो पालीथिन, पांच कट्टी रिफाइंड, 20 पैकेट पिस्ता, 10 किलो बादाम, पांच किलो मुनक्का आदि सामान की चोरी कर ले गए हैं। घटना की जानकारी उसे सुबह चार बजे दुकान पहुंचने पर हुई। चोर मौके पर सब्ब्ल छोड़ गए। घटना के संबंध में दुकानदार ने हस्तपुर पुलिस चौकी में प्रार्थना पत्र दिया है। कोतवाल प्रवीन कुमार सिंह का कहना है कि चौकी प्रभारी को जांच करके कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
मारपीट की घटनाओं में रिपोर्ट दर्ज
इगलास। कोतवाली क्षेत्र के गांव तोछीगढ़ निवासी नरेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि उसका भाई प्रदीप 28 जुलाई की रात्रि 9:30 बजे पड़ोस में दुकान पर गुटखा लेने गया था। यहां गांव के ही रिंकू, बबलू, हरेंद्र व गांव सहारा निवासी बंटी मिले। इन लोगों भाई के साथ गाली गलौज की जब वह बचकर घर आया तो उक्त लोग घर में घुस आए और मारपीट की। बचाने पर स्वजन के साथ भी धक्का मुक्की करते हुए जाना से मारने की धमकी दी। पुलिस ने प्राथमिकी पंजीकृत की है। वहीं गाजियाबाद के झज्जू क्वार्टर, भाटिया मोड निवासी नाजिम पुत्र रियाज का कहना है कि वह ब्लाक गौंडा के गांव मुकुंदपुर के प्राथमिकी विद्यालय में सहायक अध्यापक है। 24 जनवरी 2023 की सुबह करीब 11 बजे विद्यालय में पढ़ा रहा था। इस दौरान अलीगढ़ के एडीए कालोनी, शाहजमाल निवासी ससुर सुलेमान, इगलास के तकिया मोहल्ला निवासी सलीम उर्फ लंबू एक अज्ञात महिला-पुरुष के साथ आए और मारपीट वखींचतान करने लगे। इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि प्रार्थना पत्र के आधार पर प्राथमिकी पंजीकृत की गई है।
अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत
इगलास। कोतवाली क्षेत्र में अलीगढ़ रोड पर गंग नहर के समीप शनिवार की देर रात्रि को अज्ञात वाहन ने अज्ञात युवक के टक्कर मार दी। हादसे में घायल युवक को पुलिस ने उपचार के लिए लक्ष्मण देवदत्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा था। यहां युवक को डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस शव को मोर्चरी भेजने के साथ ही पहचान कराने में जुट गई। हस्तपुर चौकी प्रभारी ने बताया कि मृतक की पहचान 22 वर्षीय जमुना प्रसाद पुत्र भूरा सिंह निवासी सैंचरी थाना जैत (मथुरा) के रुप में हुई है। शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन के सुपुर्द किया गया है। प्रार्थना पत्र मिलने पर प्राथमिकी पंजीकृत की जाएगी।