नगर निगम की गाड़ी की टक्कर से बुझा परिवार का इकलौता चिराग
अलीगढ़। थाना सिविल लाइन क्षेत्र में कठपुला के पास शुक्रवार को नगर निगम की गाड़ी की टक्कर से परिवार का इकलौता चिराग बुझ गया। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
मैनपुरी के गांव कुरावली निवासी 26 वर्षीय सागर पुत्र सज्जन सिंह अलीगढ़ के गांधी नेत्र चिकित्सालय से ऑप्टोमेटिकल का कोर्स कर रहा था। जबकि उसकी बहन रेखा जिला अस्पताल में स्टाफ नर्स है। भाई-बहन गांधीपार्क थाना क्षेत्र के धनीपुर इलाके में किराए पर मकान ले कर रहते हैं। शुक्रवार सुबह सागर बाइक से बहन को जिला अस्पताल छोड़कर घर लौट रहा था। तभी कठपुला के पास नगर निगम की कूड़ा उठाने वाली गाड़ी ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। जिसमें सागर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर उपचार के दौरान सागर ने कुछ देर बाद ही दम तोड़ दिया। सूचना पाकर बहन-बहनोई अस्पताल पहुंच गए। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया। सागर तीन बहनों के बीच इकलौता भाई था। पुलिस ने देर शाम शव का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया। जिसे परिजन मैनपुरी ले गए।