अमरूद के बाग में कीटनाशक लगा रहे पति- पत्नी की करंट की चपेट में आकर मौत
- अकराबाद के मोहनपुर में हुआ हादसा, पुलिस ने शवों को पोस्टमार्ट के लिए भेजा
अलीगढ़। थाना अकराबाद क्षेत्र के गांव मोहनपुर में अमरूद के बाद में कीटनाशक दवा लगाने के दौरान बिजली के तारों की चपेट में आकर पति-पत्नी की मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों की भीड़ मौके पर एकत्रित हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। हादसे के बाद मृतक दंपति के परिवार में कोहराम मच गया है।
पट्टे पर ले रखा है बाग
मिली जानकारी के अनुसार अकराबाद के गांव धौरी निवासी रेशमपाल सिंह ने टुआमई के माजरा मोहनपुर में पिछले कई वर्षों से अमरूद का बाग व खेत पट्टे पर ले रखे हैं। गुरुवार की सुबह वह पत्नी गीता देवी के साथ बाग में कीटनाशक दवा का छिड़काव कर रहे थे। इसी दौरान रेशमपाल सिंह बाग में गुजर रही एलटी लाइन के तारों की चपेट में आ गए। तभी उनकी पत्नी गीता देवी उनको छुड़ाने के लिए पहुंची तो वह भी चपेट में आ गई। घटना को देख आस-पास खेतों पर काम कर रहे किसान मौके पर दौड़कर पहुंचे, उससे पूर्व ही 45 वर्षीय किसान रेशमपाल व 42 वर्षीय पत्नी गीता देवी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की जानकारी पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ मौके पर एकत्रित हो गई। सूचना पर इंस्पेक्टर एमपी सिंह मय फोर्स के मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटना से जुड़े साक्ष्य एकत्रित करने के साथ ही शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक दंपति ने अपने पीछे दो बेटा व एक बेटी को रोते-बिलखते हुए छोड़ा है। इंस्पेक्टर ने बताया कि मामले में अभी तक कोई भी तहरीर नहीं मिली है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।