इगलास में प्रसव के लिए आई महिला की मौत, स्वजन ने किया हंगामा
इगलास। कोतवाली क्षेत्र के गांव कनौरिया निवासी एक महिला के स्वजन ने प्रसव के लिए कस्बा के सासनी रोड स्थित हास्पिटल में भर्ती कराया था। महिला की हालत खराब होने पर अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। अलीगढ़ में डाक्टर ने महिला को मृत घोषित कर दिया। स्वजन ने हास्पिटल पर शव को रखकर हंगामा किया। उन्होंने डाक्टर पर उपचार में लापरवाही का आरोप लगाया था। घटना के बाद संचालन ताला लगाकर फरार हो गया। बताया जाता है फर्जी तरीके से हास्पिटल का संचालन हो रहा था।
गांव कनौरिया निवासी मुकेश ने बताया कि शुक्रवार की शाम को उसकी 30 वर्षीय पत्नी संतोषी को प्रसव पीड़ा हुई। वह गांव की आशा के साथ उसे सीएचसी लेकर आया था। हालत गंभीर होने पर सीएचसी में पत्नी को भर्ती नहीं किया गया। यहां से पत्नी को आशा के साथ रात्रि 11 बजे सासनी रोड स्थित पालीक्लीनिक लेकर गया।हास्पिटल मिले डाक्टर ने पत्नी को सही करने की गारंटी देकर 30 हजार रुपये जमा करा लिए और उपचार शुरू कर दिया। सुबह पांच बजे पत्नी बेहोश हो गई तो डाक्टर ने उसे अलीगढ़ लेकर जाने की कह दिया। पत्नी को अलीगढ़ लेकर पहुंचा तो डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। उनका आरोप है कि डाक्टर के गलत उपचार से उसकी पत्नी की प्रसव से पहले ही मृत्यु हो गई।
शनिवार की दोपहर स्वजन महिला के शव को लेकर हास्पिटल पहुंच गए और हंगामा करने लगे। महिला की मृत्यु की जानकारी पर हास्पिटल संचालक ताला लगाकर भाग गया। सूचना पर इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार सिंह मौके पर पहुंच गए। इंस्पेक्टर ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। प्रार्थना पत्र मिलने पर प्राथमिकी पंजीकृत कर कार्रवाई की जाएगी।