रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

हिंदी के उत्थान पर हुई विचार गोष्ठी

इगलास। हिन्दी को राजभाषा घोषित कराने में अहम भूमिका निभाने वाले और दक्षिण भारत में हिन्दी प्रचार आन्दोलन के संगठक एवं केन्द्रीय हिन्दी संस्थान के संस्थापक स्वतंत्रता सेनानी पद्म भूषण मोटूरि सत्‍यनारायण जी की पुण्यतिथि परोपकार सामाजिक सेवा संस्था तोछीगढ़ द्वारा श्री मोहन लाल मधुर उ मा विद्यालय रामपुर बकटरा में आज हिन्दी के उत्थान हेतु विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया जिसमें विद्यार्थियों ने अपने विचार व्यक्त किए और हिंदी के समग्र विकास का संकल्प भी लिया।
संस्था के अध्यक्ष जतन चौधरी ने बताया कि मोटूरि सत्यनारायण जी हिन्दी के प्रचार-प्रसार-विकास के युग-पुरुष तथा हिन्दी के राजभाषा के स्वरूप का निर्धारण कराने वाले सदस्यों में दक्षिण भारत के सर्वाधिक महत्त्वपूर्ण व्यक्तियों में से एक थे। उनका मत था कि भाषा सार्वजनिक समाज की वस्तु है। अतः इसका विकास भी सामाजिक विकास के साथ-साथ ही चलना चाहिए और केंद्रीय हिदी संस्थान को भाषायी प्रयोजनात्मकता को अपने कार्य का केंद्रीय बिन्दु बनाकर आगे बढना चाहिए।
मोटूरि सत्यनारायण जी, महात्मा गांधी से प्रभावित एवं गाँधी-दर्शन एवं जीवन मूल्यों के प्रतीक थे। उन्होंने गांधी जी के साथ स्वतंत्रता आंदोलन में भी भाग लिया साथ ही हिंदी के प्रति भी सजग रहे क्यों कि उस काल में हिन्दी का प्रचार-प्रसार करना भी स्वाधीनता-आन्दोलन का ही अविभाज्य अंग था। वे दक्षिण में स्वाधीनता आन्दोलन एवं हिन्दी का प्रचार-प्रसार परिपूरक थे। आन्दोलन में भाग लेने के कारण उन्हें बन्दी बनाया गया। मोटूरि सत्यनारायण जी ने जेल में रहकर हिन्दी प्रचार का कार्य जारी रखा।
जेल से मुक्त होने पर उन्होंने हिन्दी के प्रचार-प्रसार के लिए अनेक योजनाएँ बनाईं। इन योजनाओं में केन्द्रीय हिन्दी शिक्षण मंडल योजना, दक्षिण के साहित्य की प्रकाशन योजना एवं कला भारती की योजना आदि सर्वविदित हैं। 1947 तक वह भारतीय संविधान सभा के सदस्य भी रहे थे। हिंदी सिर्फ़ बोलचाल की भाषा ही नहीं, बल्कि सामान्य काम से लेकर इंटरनेट तक के क्षेत्र में इसका प्रयोग बख़ूबी हो रहा है। हिंदी केवल हमारी भाषा ही नहीं बल्कि हमारी संस्कृति है। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक वीरेंद्र सिंह मधुर, पल्लवी चौधरी, मुस्कान, कामिनी उपाध्याय, हिमानी, निकेता, विनीता, राखी, लता, प्रिंसी, आरती, प्रियांशी, हेमंत, सोनू, दीपक, नवीन, अमित, हर्ष, विकास, कृष्णा, शौर्य, जतिन, मनोज कुमार, राजपाल सिंह आदि मौजूद रहे।

error: Content is protected !!