महिला की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप
- लोधा क्षेत्र के ताजपुर रसूलपुर की घटना, खुद थाने पहुंचा पति
लोधा। थाना क्षेत्र के गांव ताजपुर- रसूलपुर में रविवार को एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मायके पक्ष ने पति एवं ससुरालियों पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए थाने में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। उधर, घटना के बाद आरोपी पति खुद ही थाने पहुंच गया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
गांव ताजपुर रसूलपुर निवासी गौरव की 24 वर्षीय गीता का घरेलू कलह को लेकर ससुरालियों से विवाद हो गया था। आए दिन गौरव व गीता के बीच विवाद होता था। रविवार को बारिश का पानी भर जाने को लेकर गीता का सास सोमवती से विवाद हो गया। गीता ने पुलिस कंट्रोल रूम को फोन पर शिकायत कर दी। इस सूचना पर यूपी 112 पीआरवी 743 मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाने के बाद वापस चली गई।
कुछ देर बाद गीता फांसी के फंदे पर झूल गई। घटना के वक्त परिजन घर से बाहर थे। पड़ोसियों ने गीता को फंदे से उतारा और निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने गीता को मृत घोषित कर दिया। जानकारी पर मायका पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए और ससुरालियों पर हत्या कर देने का आरोप लगाने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचानामा भरकर पोस्टमार्टम कें लिए भिजवा दिया।
मामले में मायके पक्ष की ओर से पति समेत चार ससुरालियों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। सीओ गभाना सुमन कनौजिया ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगा। उन्हाेंने बताया कि महिला का पति खुद ही थाने पहुंच गया। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। उधर घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गीता ने अपने पीछे आठ माह के बेटा ईशू को रोते-बिलखते हुए छोड़ा है।