अलीगढ़। थाना विजयगढ़ क्षेत्र के महात्मा गांधी गुरुदत्त स्मारक इंटर कॉलेज में सोमवार को दबंग लड़कों ने परिसर में घुसकर कई राउंड फायरिंग कर डाली, इसके बाद कई छात्र-छात्राओं के साथ मारपीट भी कर डाली। कॉलेज में फायरिंग होने पर वहां मौजूद छात्र-छात्राओं में अफरी-तफरी का माहौल हो गया। वहीं कॉलेज स्टाफकर्मियों में भी भय व्याप्त हो गया। उन्होंने छात्रों को तुरंत क्लास रूम में अंदर बंद कर दिया। मारपीट में एक छात्रा समेत पांच लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद छात्र- छात्राओं में रोष व्याप्त हो गया। उन्होंने थाने का घेराब करते हुए आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। वहीं पुलिस ने करीब एक दर्जन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
शनिवार को दो छात्रों में हुए विवाद को लेकर हुई फायरिंग
मिली जानकारी के अनुसार काॅलेज के ही दो लड़कों के बीच शनिवार को किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। जिसके बाद उनके बीच में मारपीट भी हो गई थी। काॅलेज की छुट्टी होने के बाद भी दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी, लेकिन वहां मौजूद अन्य छात्रों ने दोनों का बीच बचाव कर दिया था। सोमवार को काॅलेज खुला था। काॅलेज शुरू होने के कुछ ही घंटे बाद रवि नाम का लड़का अपने 15-20 दोस्तों के साथ काॅलेज परिसर में घुस आया और रायफल और तमंचों से फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद उसने छात्रों और छात्राओं के साथ मारपीट भी की। जिसमें आधा दर्जन से ज्यादा छात्र-छात्राओं के चोटें भी आई हैं।
हथियारों से लैस होकर कॉलेज पहुंचे थे आरोपी
काॅलेज के छात्रों ने बताया कि आरोपी काॅलेज के गेट से ही फायरिंग करते हुए अंदर आए थे। 15-20 लोगों की भीड़ जब फायरिंग करते हुए एकदम से अंदर घुसी तो सभी डर गए। उनमें से एक के पास रायफल थी, जबकि अन्य 6-7 लोगों के पास तमंचे थे। कॉलेज परिसर में करीब 7-8 राउंड फायरिंग की गई।आरोपी दूसरे छात्र की तलाश कर रहे थे, जब वह नहीं मिला तो आरोपियों ने उसके साथ रहने वाले छात्र-छात्राओं के साथ मारपीट डाली और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद काॅलेज में पढ़ने वाले अन्य छात्र-छात्राओं का रोष व्याप्त हो गया।
सभी छात्र-छात्राएं एकत्रित होकर विजयगढ़ थाने पहुंच गए और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने बताया कि आरोपी लड़का क्षत्रिय समाज का है, जबकि दूसरा लड़का दूसरे समाज का है। घटना की जानकारी पाकर सीओ बरला सर्जना सिंह मौके पर पहुंच गई और छात्रों से जानकारी ली। छात्रों ने पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वह आरोपी छात्र के दबाव में काम कर रही है।
सूचना देने के बाद भी पुलिस काफी देर से काॅलेज पहुंची। तब तक आरोपी मौके से फरार हो गए थे। सीओ ने गुस्साएं छात्रों को आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन देकर शांंत किया। सीओ बरला ने बताया कि मामले में प्रधानाचार्य महेश कुमार की तहरीर के आधार मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, करीब एक दर्जन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं बाहरी आरजकतत्वों की गिरफ्तारी को टीमों का गठन किया गया है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।