रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

ट्रक ने बाइक में मारी टक्कर, महिला की मौत, ग्रामीणों ने लगाया जाम

अलीगढ़। थाना क्वार्सी क्षेत्र में पीएसी के पास रामघाट रोड पर ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साएं ग्रामीणों ने रामघाट रोड पर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंचे पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों ने गुस्साएं ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम को खुलवाते हुए महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।

क्वार्सी थाना क्षेत्र के तलासपुर निवासी राकेश कुमार जाटव आरएएफ रोड पर डिश मैकनिक की दुकान चलाते हैं। मंगलवार शाम को वह बाइक से 35 वर्षीय पत्नी कृष्णा देवी के साथ किसी काम से शहर जा रहे थे।

तभी रामघाट रोड पर पीएसी के पास पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही कृष्णा उछलकर पहिए के नीचे आ गई और मौके पर ही उनकी कुचल कर दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की जानकारी पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। इस दौरान गुस्साएं ग्रामीणों ने आरोपी ट्रक चालक की गिरफ्तारी के साथ ही पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने की मांग करते हुए रामघाट मार्ग को जाम कर दिया। जिससे मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गई।

सूचना पर थाना पुलिस के अलावा प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने गुस्साएं ग्रामीणों को कार्रवाई का आश्वासन देते हुए बमुश्किल जाम को खुलवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया है।

 

राखी लेकर ससुराल जा रहे अधेड़ की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत

अलीगढ़। थाना अकराबाद क्षेत्र में तिहरा मोड़ के पास राखी लेकर ससुराल जा रहे बाइक सवार अधेड़ की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। घटना के मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है।

मिली जानकारी के अनुसार क्वार्सी के गांव चिल्कौरा निवासी 58 वर्षीय रमेश कुमार किसान थे। परिजनों के अनुसार वह सोमवार शाम को बाइक से राखी लेकर ससुराल भीकमपुर जा रहे थे। जैसे ही वह अकराबाद थाना क्षेत्र में तिहरा मोड़ के पास पहुंचे तभी किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल काे जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। जहां पर डॉक्टरों ने रमेश को मृत घोषित कर दिया। मंगलवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। मृतक तीन बच्चों के पिता थे।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!