गभाना में दो बाइक आपस में टकराई, दो वर्षीय मासूम की हुई मौत, मां समेत तीन घायल
गभाना। नेशनल हाईवे पर दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में दो वर्षीय मासूम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां समेत तीन लोग घायल हो गए। जिन्हें पुलिस ने उपचार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं इकलौते बच्चे की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार गौतमबुद्धनगर के थाना जेवर के गांव थोराबंकापुर निवासी दिलशाद खान पत्नी तनु व दो वर्षीय बेटे सैफ अली खान के साथ क्षेत्र गांव पैराई स्थित अपनी ससुराल व ननिहाल में नाना की मौत पर गमी में शामिल होने के लिए आए थे।
जहां से शनिवार शाम को वह बाइक से पत्नी व बेटे के साथ गांव लौट रहे थे। जैसे ही वह हाईवे पर ओगर मोड़ के पास पहुंचे तभी खुर्जा की तरफ से तेज गति से आ रही बाइक की उनकी बाइक से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर लगते ही तनु की गोद से बेटा सैफ अली खान छिटककर सड़क पर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
जबकि हादसे में तनु के अलावा दूसरी बाइक सवार रवेंद्र कुमार निवासी जावल थाना अरनियां बुलंदशहर व प्रकाश सिंह निवासी बहरामपुुर हरदुआगंज घायल हो गए। हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण व राहगीर मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया तथा बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। हादसे की सूचना पाकर बच्चे के अन्य परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों को रो-रोकर हाल बेहाल हो गया। मृतक सैफ अली खान परिवार का इकलौता चिराग था।