चंडौस बिजलीघर पर विद्युत कटौती को लेकर ग्रामीणों ने किया हंगामा
चंडौस। क्षेत्रभर में लगातार हो रही विद्युत कटौती को लेकर मंगलवार रात में ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। इस दौरान ग्रामीण एकत्रित होकर बिजलीघर पर पहुंच गए और जमकर हंगामा करने लगे। ग्रामीणों ने चंडौस-पिसावा मार्ग पर जाम लगाने का प्रयास भी किया, लेकिन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हंगामा कर रहे ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत किया।
मंगलावार रात को बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित होकर कस्बा स्थित बिजलीघर पर पहुंच गए और जमकर हंगामा करने लगे। ग्रामीणों का आरोप था कि पिछले एक सप्ताह से क्षेत्र में बेहिसाब विद्युत कटौती की जा रही है। रात के समय लोगों को मच्छरों के बीच पूरी पूरी रात जागकर काटने पर मजबूर होना पड़ा है। मच्छरों के प्रकोप से लोग बीमारी का शिकार भी हो रहे है।
उन्होंने बिजलीघर पर तैनातकर्मी से विद्युत कटौती का कारण जाना तो उसने दौरऊ-चांदपुर में एक खेत में खड़ी फसल में आग लगने की वजह बताई। जब ग्रामीणों ने अपने परिचतों से गांव में आग की जानकारी की तो वहां पर कोई भी आग न लगने कोई घटना न होना पाया गया। जिस पर ग्रामीणों का गुस्सा और भी बढ़ गया।
ग्रामीणों ने चंडौस- पिसावा मार्ग पर जाम लगाने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने गुस्साएं ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत किया। इस दौरान ग्रामीण मौके पर जेई व एसडीओ को बुलाने की जिद पर अड़ गए और बिजलीघर के मुख्य द्वार पर धरने पर बैठ गए। ग्रामीणों ने ऐलान किया कि जब तक विद्युत विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचकर कोई स्पष्ट जबाब नहीं देंगे। तब तक उनका धरना जारी रहेगा।