चौकीदार व नाती को मैक्स ने रौंदा, वृद्ध की मौत
इगलास। कोतवाली क्षेत्र में गोरई रोड स्थित एक विद्यालय के सामने बाबा-नाती में अज्ञात मैक्स चालक ने टक्कर मार दी। मौके पर वृद्ध की मृत्यु हो गई। वहीं, बालक को गंभीर हालत में जेएन मेडिकल कालेज हास्पिटल में भर्ती कराया गया है। बाबा-नाती सड़क सहारे फल बेच रहे व्यक्ति के पास जा रहे थे।
गांव मुमरेजा निवासी 60 वर्षीय जय किशोर विसाहुली मोड, गोरई रोड स्थित श्री बुद्ध सेन पब्लिक स्कूल में चौकीदार हैं। यहीं इनका नाती आठ वर्षीय अतुल पहली कक्षा में पढ़ता है। सोमवार की सायं स्कूल की छुट्टी होने के बाद करीब चार बजे बाबा-नाती सड़क के सहारे फल बेच रहे व्यक्ति के पास जा रहे थे।
इस दौरान गोरई रोड पर अज्ञात मैक्स चालक ने दोनों में टक्कर मार दी। चालक गाड़ी लेकर मौके से भाग गया। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए कस्बा के लक्ष्मण देवदत्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया था। यहां जय किशोर को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर हालत में बालक को उपचार के लिए अलीगढ़ के जेएन मेडिकल कालेज हास्पिटल में भर्ती कराया गया है। इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। प्रार्थना पत्र मिलने पर प्राथमिकी पंजीकृत की जाएगी।