इगलास में महिला को अज्ञात वाहन ने रौंदा, मौत
इगलास। कोतवाली क्षेत्र में अलीगढ़-मथुरा मार्ग पर घंटरबाग के समीप अज्ञात वाहन ने जनपद फिरोजाबाद के थाना सिरसागंज क्षेत्र के गांव खोंड खेड़ा की रहने वाली महिला को रौंद दिया। हादसे में महिला की मौके पर ही मृत्यु हो गई। महिला पति के साथ तीर्थ यात्रा के लिए जा रही थी। यहां रोड पार करते समय हादसा हो गया।
जनपद फिरोजाबाद के थाना सिरसागंज क्षेत्र के गांव खोंड खेड़ा निवासी गीतम सिंह 55 वर्षीय पत्नी कमला के साथ बस से छह दिन की तीर्थ यात्रा के लिए निकले थे। उनके साथ बस में कुछ स्वजन व आस-पास के लोग थे। बुधवार को गंगा स्नान व बेलोन दर्शन करके दाऊजी के लिए प्रस्थान कर रहे थे। इगलास थाना क्षेत्र में अलीगढ़-मथुरा रोड पर घंटरबाग के समीप शाम पांच बजे बस एक ढाबे पर रुकी थी। कमला सड़क पार कर दूसरी तरफ जा रही थी। इस दौरान अज्ञात वाहन ने उन्हें रौंद दिया। घटना की जानकारी अन्य यात्रियों को हुई तब तक महिला की मृत्यु हो गई। सूचना पर इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। इंस्पेक्टर ने बताया की प्रार्थना पत्र मिलने पर प्राथमिकी पंजीकृत की जाएगी।