एलबीके पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में धूमधाम से मना 79वां स्वतंत्रता दिवस
इगलास। एलबीके पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, इगलास में 79वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने नाट्य मंचन, कविता, गीत, संगीत, नृत्य और भाषण सहित विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
मुख्य अतिथि पंकज अग्रवाल (मुख्य अभियंता, विद्युत विभाग अलीगढ़) ने ध्वजारोहण किया, जिसके बाद एनसीसी कैडेट्स ने बैंड-बाजा की मधुर ध्वनि के साथ परेड कर तिरंगे को सलामी दी। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रबंधक हरीमोहन अग्रवाल, सह-निदेशिका प्रियंका अग्रवाल, समाजसेवी नितिन अग्रवाल और पंकज कुमार आर्य ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया। संचालन छात्र आरव मित्तल और मोहित चौधरी के साथ शिक्षक राहुल उपाध्याय एवं योगेंद्र शर्मा ने किया।

कार्यक्रम की विशेष प्रस्तुति हाल ही में हुए ऑपरेशन सिंदूर पर आधारित नाट्य मंचन रही, जिसने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया। सफलता के दृश्य पर पूरा सभागार उत्साह से गूंज उठा। इस अवसर पर डॉ. नरपति देव भारद्वाज और प्रियंका अग्रवाल सहित कई वक्ताओं ने स्वतंत्रता के महत्व और युवाओं की भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए। अंत में प्रबंधक हरीमोहन अग्रवाल ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और स्वतंत्रता संग्राम में सरदार मानसिंह सहित कई गुमनाम वीरों के बलिदान की प्रेरक कहानियां सुनाईं। उन्होंने आत्मनिर्माण, विकासशील भारत की परिकल्पना और सामाजिक क्रांति की आवश्यकता पर जोर दिया। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षकगण, दूरदराज से आए अभिभावक और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।