रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

वनखंडी महादेव मंदिर पर चढ़ाया 21 किलो का घंटा

इगलास। श्रावण मास के चतुर्थ सोमवार को कस्बे के वनखंडी महादेव मंदिर में आस्था और समर्पण का विशेष संगम देखने को मिला। मंगलामुखी समाज के सैकड़ों लोग अलीगढ़ और आसपास के जनपदों से यहां पहुंचे और बाबा भोलेनाथ की विशेष आराधना की। इस आयोजन की अगुवाई कस्बे की मंगलामुखी चांदनी ने की। उनके आमंत्रण पर अलीगढ़ रोड स्थित ओम सेलिब्रेशन में समाज के लोग एकत्रित हुए। यहां भंडारे में भोजन प्रसाद लेने के पश्चात मंगलामुखी समाज ढोल-नगाड़ों के साथ झूमते-गाते पथवारी मंदिर पहुंचे। पथवारी मां, वैभव लक्ष्मी, हनुमान जी और काल भैरव के दर्शन कर स्तुति की। इसके बाद सभी वनखंडी महादेव मंदिर पहुंचे जहां बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की गई। मंदिर समिति की ओर से मंगलामुखियों का पगड़ी पहनाकर और अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। समिति ने आयोजन को भावनात्मक, आध्यात्मिक और सामाजिक समरसता का प्रतीक बताया। समाज की ओर से चांदनी ने मंदिर में 21 किलो वजनी घंटा चढ़ाकर बाबा भोलेनाथ से यजमानों की मनोकामनाओं की पूर्ति की प्रार्थना की। मंदिर परिसर भक्ति, संगीत और उल्लास से गुंजायमान हो उठा।


शिवालयों में उमड़ा श्रद्धा और भक्ति का सैलाब

इगलास। श्रावण मास के अंतिम सोमवार को शिव मंदिरों में आस्था का महासंगम देखने को मिला। सुबह से ही शिवालयों की घंटियों की गूंज और ‘हर हर महादेव’ के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। कस्बा के प्रसिद्ध वनखंडी महादेव मंदिर पर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। गंगा घाट से जल भरकर पैदल यात्रा करते हुए पहुंचे कांवड़िए सोमवार को शिवलिंग पर जलाभिषेक कर पुण्य लाभ अर्जित करते नजर आए। वहीं, भगवान कार्तिकेय द्वारा स्थापित गांव सहारा खुर्द स्थित मंदिर पर सावन के अंतिम सोमवार को शिव भक्तों का रेला उमड़ पड़ा। अलग अलग गंगा घाटों से कांवड में गंगाजल लेकर आए भक्तों ने रात बारह बजते ही कुमारेश्वर, प्रतिज्ञेश्वर, कपालेश्वर पर जलाभिषेक किया। शिव-पार्वती कथा के साथ भंडारा भी हुआ। इस अवसर पर एसडीएम पारितोष मिश्रा, सीओ महेश कुमार, इंस्पेक्टर नरेंद्र यादव सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष डा. रक्षपाल सिंह, प्रधान प्रतिनिधि संजय चौधरी, धर्मपाल सिंह आदि थे।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!