भूसे की तरह कैंटर में भरी थीं 30 भैंस, मुकदमा दर्ज
इगलास। कस्बा के मुख्य चौराहे पर वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक कैंटर को रोका। जिसमें भूसे की तरह ठूंस-ठूंस कर 30 भैंसों को लादा गया था। भैंसों की स्थिति अत्यंत दयनीय थी, उनके ऊपर छांव के लिए तिरपाल तक नहीं था। अत्यधिक संख्या में जानवरों को एक ही वाहन में भरने के कारण वे एक-दूसरे के ऊपर चढ़े हुए थे और दम घुटने जैसी स्थिति बन गई थी। पुलिस ने मौके से कैंटर चालक व उसके सहयोगियों को हिरासत में ले लिया था।
इंस्पेक्टर नरेंद्र यादव ने बताया कि इस संबंध में जनपद बुलंदशहर के थाना खुर्जा नगर के बुर्ज उस्मान निवासी आरिफ, थाना बुर्जनगर के मदार दरवाजा निवासी साजिद तथा कबूतर बाली पैंठ निवासी चांद के विरुद्ध पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वाहन को जब्त कर लिया गया है तथा आरोपियों को जमानत पर छोड़ा है।
——
मनोहरपुर से दो भैंसें चुरा ले गए चोर
इगलास। गांव मनोहरपुर में बीती रात चोरों ने घेर में बंधी दो दुधारू भैंसों की चोरी कर ली। पीड़ित जवाहर सिंह पुत्र चंदन सिंह ने बताया कि यह घटना 31 मई की रात 12 से सुबह चार बजे के बीच की है। सुबह जब वह घेर में चारा डालने गए तो भैंसें नदारद मिलीं। परिजनों के साथ उन्होंने आसपास तलाश की, लेकिन भैंसों का कोई सुराग नहीं लगा। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पशु चोरी की घटनाएं आए दिन होती रहती हैं। उन्होंने चोरों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।