गभाना क्षेत्र में सुपरवाइजर से छीने 53 हजार रुपये, मारपीट कर किया घायल
गभाना। थाना गभाना क्षेत्र में हाईवे पर महरावल पुल के पास सुपरवाइजर से लाठी-डंडों से मारपीट करते हुए 53 हजार रुपये छीन लिए। हालांकि पुलिस एक कार के गड्ढे में फंसने पर ट्रैक्टरों से निकालने के बाद लेन- देन को लेकर मारपीट का बता रही है। पुलिस ने मारपीट करने वाले पक्ष के युवक को शांतिभंग में पाबंद किया है।
थाना गभाना क्षेत्र के गांव लौहपूठ निवासी ललित कुमार पुत्र राकेश कुमार के अनुसार वह हाईवे पर मिट्टी का कार्य करने वाले ठेकेदार के साथ सुपरवाइजर का कार्य करता है। शनिवार शाम को ठेकेदार ने उसे 53,700 रुपये लेवर को बांटने के लिए दिए थे। जिन्हें लेकर वह अलीगढ़ से लौट रहा था। तभी हाईवे पर महरावल पुल के पास महरावल निवासी धर्मेंद्र पुत्र हरप्रसाद अपने 8-10 साथियों के साथ मिल गया और उसके साथ लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट करते हुए 53 हजार 700 रुपये भी छीन ले गए। मारपीट में उसको काफी गंभीर चोटें आईं हैं। इंस्पेक्टर राम कुंवर सिंह ने बताया कि मामला आपसी मारपीट का है, लूट का नहीं। अारोपी पक्ष के एक युवक को शांतिभंग में पाबंद किया है, पुलिस मामले की जांच में जुटी है।