गभाना में अनियंत्रित ट्रोला कार का घसीटते हुए पंक्चर जोड़ने की दुकान घुसा, तीन घायल
गभाना। नेशनल हाईवे पर एस्सार पेट्रोल पंप के पास अनियंत्रित ट्रोला (ट्रेलर) कार को घसीटते हुए पंक्चर जोड़ने की दुकान में टक्कर मारते हुए पलट गया। हादसे में कार सवार तीन लोग घायल हो गए, जबकि दुकान संचालक बाल-बाल बच गया। हादसे के बार आरोपी ट्राेला चालक मौके से फरार हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार दिल्ली के जनकपुरी निवासी विनीत शर्मा, प्रिंस व दिवांशु अपनी कार से अन्य साथियों को क्षेत्र में बंदरों को केला आदि खिलाने के लिए दौरऊ नहर पुल तक आए थे। जहां से वह एस्सार पेट्रोल पंप के सामने से यू-टर्न लेकर दिल्ली लौट रहे थे। तभी दिल्ली के ओर से तेज गति से आ रहा ट्राेला अनियंत्रित होकर सड़क की दूसरी तरफ पहुंच गया और उनकी कार को घसीटते हुए सड़क किनारे पंक्चर जोड़न की दुकान में क्षतिग्रस्त करते हुए गड्डे में पलट गया। हादसे में कार सवार तीनो लोग घायल हो गया। जबकि पंक्चर की दुकान में सो रहे संचालक कबीर खान निवासी गभाना बाल-बाल बच गया। हादसे के बाद ग्रामीणों व राहगीरों की भीड़ मौके पर एकत्रित हो गई। सूचना पाकर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायलों का निजी अस्पताल में उपचार कराया। वहीं हादसे के बाद आरोपी ट्राेला चालक मौके से फरार हो गया।