रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

तू बहुत बड़ी रामभक्त बनती है, 72 घंटे में परिवार सहित जान से मार देंगे

- रूबी आसिफ खान को के घर में फेंका धमकी भरा पत्र, सीसीटीवी में कैद हुआ युवक

अलीगढ़। हिंदू देवी-देवताओं की पूजा अर्चना करने वाली भाजपा नेत्री रूबी आसिफ खान को जान से मारने की धमकी मिली है। देर रात में एक व्यक्ति उनके घर के बाहर धमकी भरी चिठ्‌ठी फेंक कर गायब हो गया। सुबह जब रूबी आसिफ खान जागी तो उन्हें धमकी भरा पत्र पड़ा मिला। जिसमें लिखा था कि रूबी आसिफ खान तू बड़ी रामभक्त बनती है ना 72 घंटे में तुझे परिवार सहित जान से मार देंगे। मामले में भाजपा नेत्री ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर इलाका पुलिस के अलावा सीओ अभय कुमार पांडेय मौके पर पहुंच गए और घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई। धमकी भरा पत्र फेंकने वाला आरोपी सीसीटीवी में कैद हो गया। वीडियो फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।

घर में भगवान राम की कर रही है पूजा

अयोध्या में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के उपलक्ष्य में भाजपा नेत्री रूबी आसिफ खान ने अपने घर में भगवान राम की स्थापना की थी। वह अपने घर में पूजा अर्चना कर रही है। उनका कहना था कि वह अयोध्या में होने वाले उत्सव तक लगातार भगवान राम की पूजा करेंगी। रूबी आसिफ खान के घर में पूजा अर्चना का मामला सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा था। जिसके बाद उन्हें धमकी मिली है। रूबी असिफ खान को धमकी मिलने के बाद उनके परिवारीजन चिंतित है उन्हें किसी भी अनहोनी का भय सता रहा है। पुलिस ने उन्हें परिवारीजन को पूरी सुरक्षा मुहैया कराने का अश्वासन दिया है।पूर्व में भी भाजपा नेत्री को मिल चुकी है धमकी

भाजपा नेत्री रूबी आसिफ खान पहली बार 2022 में गणेश पूजा करने के बाद चर्चा में आई थी। उन्होंने 11 दिन के लिए घर में भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की थी। जिसके बाद उनके खिलाफ मुस्लिम धर्म गुरुओं ने फतवे भी जारी कर दिए थे। फतवे जारी होने के बाद भी वह नहीं मानी थी और गणेश पूजा, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, दीवाली समेत कई त्योहारों पर लगातार पूजा अर्चना कर रही है। उन्होंने ने पीएम मोदी के जन्मदिन पर भी अपने खून से तिलक किया था, जिसके बाद वह लगातार विवादों में रही। भाजपा नेत्री रूबी आसिफ खान को पहले भी धमकियां मिल चुकी हैं। इससे पहले रूबी को 22 सितंबर 2022 को धमकी मिली थी। इस धमकी भरे पत्र में यह लिखा था कि ‘रूबी आसिफ खान काफिर बन गई है। पूजा करती है, हवन करती है। वंदे मातरम कहती है, इसे इस्लाम से खारिज कर दो। परिवार समेत जिंदा जला दो’। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी और मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई थी।आरोपी की पहचान में जुटी पुलिस

सीओ प्रथम अभय कुमार पांडेय ने बताया कि मामले की तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज किया गया है। धमकी भरा पत्र फेंकने वाला व्यक्ति सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है, जिसके बाद पुलिस उसकी पहचान करने में लगी हुई है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!