संपूर्ण समाधान दिवस में एसडीएम ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
गभाना। तहसील सभागार में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस कार्यक्रम एसडीएम हीरालाल सैनी की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से जुड़े कुल 23 शिकायती प्रार्थना पत्र आए। जिसमें से मौके पर केवल एक ही फरियादी को राहत प्रदान की जा सकी। शेष बचे प्रार्थना पत्रों को संबंधित विभाग के अधिकारियों को एक सप्ताह के अंदर गुणवत्तापूर्वक निस्तारण करने के निर्देशों के साथ सौंप दिया गया।
कार्यक्रम में पुलिस से संबंधित समस्याओं को एएसपी अमृत जैन ने सुना। इस मौके पर तहसीलदार अवनीश कुमार, नायब तहसीलदार अजेंद्र तौमर, प्रिया गर्ग समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
पुलिस ने एक वारंटी को किया गिरफ्तार
गभाना। थाना पुलिस ने कोर्ट में विचाराधीन एक मामले में गैरहाजिर चल रहे एक वारंटी को गिरफ्तार कर लिया। जिसे पुलिस ने कोर्ट में मजिस्ट्रेट के समक्ष हाजिर किया है।
इंस्पेक्टर गभाना सुधीर कुमार ने बताया कि क्षेत्र के गांव वीरपुरा निवासी श्रीपाल पुत्र चुन्नी कोर्ट में विचाराधीन मारपीट के मामले में पिछली कई तारीखों से गैर हाजिर चल रहा था। जिस पर कोर्ट ने उसके खिलाफ वारंट जारी किया था। कोर्ट से जारी वारंट के आधार पर शनिवार को पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। जिसे कोर्ट में मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया है।