रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

अपराधों पर अंकुश, कानून व्यवस्था में सुधार पहली प्राथमिकता : संजीव सुमन

अलीगढ़। नवागत एसएसपी संजीव सुमन ने कहा है कि अपराधों पर प्रभावी अंकुश एवं कानून व्यवस्था में सुधार उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा है कि जनता से जुड़ी हुई समस्याओं को तत्काल एवं प्रभावी तरीके से निस्तारण कराना उनकी दूसरी प्राथमिकता रहेगी। कोशिश रहेगी कि थाना स्तर पर ही समस्याओं का निपटारा हो और लोगों को बेवजह न्याय की खातिर जिला मुख्यालय के चक्कर न काटने पड़े। आगामी लोकसभा चुनाव को शांति पूर्वक संपन्न कराना भी उनकी वरीयता में शामिल रहेगा।

नवागत एसएसपी ने शनिवार को अलीगढ़ पहुंचकर चार्ज ग्रहण कर लिया। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, कानून एवं शांति व्यवस्था को सुदृढ़ रखना उनकी प्राथमिकताओं में है। मॉडर्न पुलिसिंग पर उनका खास जोर रहेगा। वैज्ञानिक तरीकों से अपराध को नियंत्रित किया जाएगा । एसएसपी संजीव सुमन ने कहा कि सभी पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी निष्पक्षता और ईमानदारी के साथ जनता की समस्याओं को हल करें। जनता के बीच सीधा संवाद रखें। थाने में आने वाले हर पीड़ित को न्याय मिलना चाहिए। यदि इसमे लापरवाही बरती गई तो संबंधित की खैर नहीं होगी। एसएसपी संजीव सुमन ने अलीगढ़ में तैनात एसएसपी कलानिधि नैथानी के प्रोन्नत होकर डीआईजी बनने एवं झांसी मंडल में नई तैनाती मिलने के बाद नए पुलिस कप्तान के रूप में कार्यभार संभाला है। वे अलीगढ से पूर्व मुजफ्फरनगर में तैनात थे।

2014 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं संजीव सुमन

मूल रूप से बिहार के खगड़िया जिले के निवासी संजीव सुमन पिछले एक साल से मुजफ्फरनगर में बतौर एसएसपी तैनात थे । अब उन्हें अलीगढ़ की जिम्मेदारी दी गई है। नवागत एसएसपी संजीव सुमन अनुशासन, सिस्टेमैटिक क्राइम कंट्रोल, बेहतरीन कानून व्यवस्था, न्यायप्रियता एवं सटीक जनसुनवाई करने वालों के रूप में जाने जाते हैं। मुजफ्फरनगर से पहले वे प्रदेश के कई जिलों में तैनात रह चुके हैं। नवागत एसएसपी ने कार्यभार संभालने के बाद अधीनस्थ अफसरों संग परिचय बैठक करने के साथ ही शहर के माहौल, कानून व्यवस्था आदि के बारे में विस्तृत जानकारी ली। इस अवसर पर जिले के सभी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। जिन्होंने नए कप्तान का जोशीला स्वागत किया।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!