ड्यूटी समाप्त कर घर लौट रहे बाइक सवार युवक को अज्ञात वाहन ने रौंदा, मौत
चंडौस। सोमना स्थित सीमेंट फैक्टरी से ड्यूटी समाप्त कर बाइक से घर लौट रहे युवक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। हादसे में परिवार का इकलौता चिराग बुझ जाने से कोहराम मचा हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार क्षेत्र के गांव गंगेई निवासी 25 वर्षीय उपेंद्र उर्फ कालू पुत्र राजकुमार गभाना क्षेत्र में सोमना स्थित वंडर सीमेंट फैक्टरी में नौकरी करते थे। रविवार की सुबह वह फैक्टरी से नाइट ड्यूटी करके बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह गांव नगला पदम के पास पहुंचे तभी किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जाेरदार टक्कर मार दी। जिसमें उपेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद राहगीर व ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। जब तक ग्रामीण उन्हें उपचार को ले जाते उससे पूर्व ही उनकी मौत हो गई। हादसे की सूचना पाकर परिजन व थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। घटना के बाद मृतक के परिवार में काेहराम मच गया है। मृतक तीन बहनों के बीच इकलौते भाई थे।
विज्ञापन
