हाईवे पर कोहरे में ट्रक से रोडवेज बस व बाइक टकराई, पांच लोग घायल
गभाना। हाईवे पर दौरऊ मोड़ पर शनिवार की सुबह घने कोहरे के चलते ट्रक से रोडवेज बस व बाइक टकरा गई। हादसे में बाइक सवार समेत पांच लोग घायल हो गए। जिन्हें उपचार को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है।
मिली जानकारी के अनुसार सोहराबगेट डिपो रोडवेज बस अलीगढ़ की तरफ से सवारियां लेकर मेरठ के लिए जा रही थी। बस जैसे ही हाईवे पर दोरऊ मोड़ पर पहुंची तभी चंडौस की तरफ से आ रहे ट्रक से जा टकराई। इसी बीच पीछे से आ रहा बाइक सवार युवक भी ट्रक से टकरा गया। हादसे में बस के आगे का हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। जबकि हादसे में बस परिचालक अनिल राज निवासी शांति कालोनी इटावा, चालक व यात्री चंद्रभुवन सिंह निवासी प्रतापगढ़ के अलावा सासनीगेट के लोधी विहार निवासी बाइक सवार अमित कुमार शर्मा समेत कुल पांच लोग घायल हो गए। हादसे के बाद ग्रामीण व राहगीर मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना पाकर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायलों को टोल एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल व खुर्जा के एक निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया। वहीं हादसे के बाद सड़क पर वाहनों की कतारें लग गई। पुलिस व टोल रिलीफ टीम ने क्रेन की मदद से ट्रक व बस को सड़क किनारे कराकर यातायात को सुचारू कराया।