रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

अलीगढ़ नुमाइश में स्वाति मिश्रा, बी -प्राक, शब्बीर कुमार व हेमंत ब्रजवासी बिखेरेंगे जलवा

- नुमाइश का एक फरवरी से शुभारंभ, 28 तक होगा आयोजन, जिले के प्रभारी मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण करेंगे उद्धघाटन

अलीगढ़। जिले के अलावा आस-पास के जिलों व पश्चिमी उत्तर प्रदेश की प्रसिद्ध राजकीय औद्योगिक एवं कृषि प्रदर्शनी (नुमाइश ) का 01 से 28 फरवरी तक आयोजन होगा । इसका उद्घाटन प्रदेश के चीनी एवं गन्ना मिल मंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण करेंगे । समारोह की अध्यक्षता मंडलायुक्त रविंंद्र करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री संदीप सिंह, राजस्व राज्य मंत्री अनूप प्रधान, सासंद, विधायक व जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे । नुमाइश की तैयारियों ने अब जोर पकड़ लिया है। नुमाइश में झूला, सर्कस, खेलकूद तमाशों के अलावा खान-पान आदि की दुकानें सजने लगी हैं । हुल्लड़ बाजार, कश्मीरी बाजार, नानखताई समेत अन्य प्रमुख बाजारों में दुकानदारों का आना और दुकानों के सजाने का सिलसिला शुरू हो गया है। नुमाइश में कोहिनूर, कृष्णांजलि, मुक्ताकाश मंच को भी सजाने-संवारने की तैयारियां चल रही हैं। वाहनों की पार्किंग, बैरीकेडिंग, साफ- सफाई आदि का काम भी तेजी से शुरू हो गया है।

कोहिनूर मंच पर जलवा बिखेरेंगे नामी -गिरामी कलाकार

नुमाइश के कोहिनूर मंच पर बड़े बजट एवं बड़े कलाकारों के नामों व कार्यक्रम पर प्रशासन की अंतिम मुहर लग चुकी है। अगले दो-तीन दिन में सभी कार्यक्रम तय हो जाएंगे । अभी तक 10 फरवरी को भजन गायिका स्वाति मिश्रा, 20 फरवरी को बॉलीबुड सिंगर बी-प्राक अपना जलवा दिखाएंगे। टीवी गायक कलाकार हेमंत ब्रजवासी व शब्बीर कुमार के नाम तय हो चुके हैं। इस बार रामायण पर आयोजित लघु नाटिक का खास आयोजन होगा । नुमाइश में आने वाले दर्शकों के अलावा दूर दराज वाले स्थानों से भी नुमाइश को ऑनलाइन व सोशल मीडिया के जरिए घर बैठे ही देखने के लिए प्रशासन की ओर से नुमाइश पोर्टल की शुरूआत की जा रही है।

श्री अमरनाथ, वैष्णों देवी, राम दरबार रहेगा खास

नुमाइश में इस बार झूले, खेलकूद तमाशों के अलावा दर्शकों को बेहतरीन लाइट, रोशनी तो देखने को मिलेगी ही बल्कि पहली बार श्री अमरनाथ की पवित्र गुफा, माता वैष्णो देवी मंदिर, एलईडी लाइट से बना राम दरबार दर्शकों को मोहित करने का काम करेगा । प्रशासनिक अफसरों का दावा है कि इस बार की नुमाइश बेहद खास होगी । नुमाइश प्रभारी व एडीएम सिटी – अमित कुमार भट्ट ने बताया कि नुमाइश का आयोजन इस बार बेहद भव्य तरीके से किया जाएगा। कोशिश की जा रही है कि यहां नामी कलाकारों के अलावा स्थानीय प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराया जाए । नुमाइश के शुभारंभ से पूर्व सभी अतिथियों, कार्यकारिणी सदस्यों को आमंत्रण पत्र भेजे जा रहे हैं। शुभारंभ पर कृष्णांजलि नाट्यशाला में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन होगा ।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!