कोहरे के चलते पांच ट्रक आपस में भिड़े, दो लोग हुए घायल
लोधा। नेशनल हाईवे पर गांव ताजपुर-रसूलपुर के निकट बुधवार सुबह घने कोहरे के चलते पांच ट्रक आपस में भिड़ गए। हादसे में एक ट्रक चालक व क्लीनर घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को ग्रामीणों की मदद से खिड़की के शीशे तोड़कर बाहर निकलवाकर उपचार को जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया है।
मिली जानकारी के एटा के निधौली कलां के गांव मजराऊ के रहने वाले दुर्गेश सिंह पुत्र मिलाप सिंह गांव के ही साथी क्लीनर अजय पुत्र नत्थू सिंह के साथ ट्रक में हरियाणा के सोनीपत से पशुओं का चारा लेकर कानपुर जा रहे थे। जैसे ही वह हाईवे पर ताजपुर-रसूलपुर के निकट पहुंचे तभी घने कोहरे के चलते उनका ट्रक आगे चल रहे ट्रक में जा घुसा।
इसी बीच पीछे से आ रहे तीन ट्रक भी एक के बाद एक कर ट्रकों में घुसते चले गए। हादसे में दुर्गेश व अजय फंसकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को खिड़की का शीशा तोड़कर बाहर निकलवाया तथा टोल एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर दुर्गेश की हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने जेएन मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया।