रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

‘तुझे और तेरे योगी को जल्द ही मार देंगे’ भाजपा नेत्री को मिला धमकी भरा पत्र

अलीगढ़। हिंदू देवी-देवताओं की पूजा अर्चना करने वाली मुस्लिम महिला भाजपा नेत्री रूबी आसिफ खान को एक बार फिर से धमकी भरा पत्र मिला है। चिठ्‌ठी में लिखा है कि रूबी आसिफ खान, तू राम मंदिर बनने की बहुत खुशी मना रही है। तेरे योगी ने वहां मस्जिद को तुड़वाकर मंदिर बना दिया है। तेरे योगी को भी जल्द मार देंगे और तुझे भी मार देंगे। मामले में रूबी ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

खून से लिखी चिठ्‌ठी फेंक कर गए आरोपी

ज्ञापवापी में हिंदुओं को पूजा का अधिकार मिलने के बाद रूबी ने बयान जारी किया था। जिसमें उन्होंने कहा था कि ज्ञानवापी मंदिर है और इसे हिंदुओं को सौंप देना चाहिए। इसके बाद ही उसे धमकी भरा पत्र भेजकर जान से मारने की धमकी दी गई है। आरोपियों ने खूनी चिठ्‌ठी फेंकी है और उसमें पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी है। जिसके बाद पूरा परिवार घबराया हुआ है। वहीं घटना की जानकारी मिलने पर रोरावर पुलिस समेत सीओ प्रथम व अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। आसपास के सीसीटीवी भी खंगाले जा रहे हैं, जिससे आरोपियों का पता लगाया जा सके।

घर में भगवान राम की स्थापना करने के दौरान भी मिली थी धमकी

अयोध्या में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के उपलक्ष्य में रूबी आसिफ खान ने अपने घर में भगवान राम की स्थापना की थी। वह अपने घर में पूजा अर्चना कर रही थी। रूबी आसिफ खान के घर में पूजा अर्चना का मामला सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा था। जिसके बाद 5 जनवरी को एक आरोपी उनके घर के बाहर धमकी भरी चिठ्‌ठी फेंक कर गया था। आरोपी कैमरे में कैद हो गया था और पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया था। ठीक एक महीने बाद उन्हें दोबार से धमकी मिली है।

गणेश पूजा करने पर जारी हुआ था फतवा

अलीगढ़ की भाजपा नेत्री रूबी आसिफ खान पहली बार 2022 में गणेश पूजा करने के बाद चर्चा में आई थी। उन्होंने 11 दिन के लिए घर में भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की थी। जिसके बाद उनके खिलाफ मुस्लिम धर्म गुरुओं ने फतवे भी जारी कर दिए थे, लेकिन इसके बाद भी वह नहीं रूकी और भगवान गणेश पूजा, दीावली जैसे त्योहारों पर लगातार पूजा अर्चना कर रही थी। जिसके बाद लगातार वह लगातार चर्चाओं में बनी हैं। रूबी ने पीएम मोदी के जन्मदिन पर भी अपने खून से तिलक किया था, जिसके बाद वह लगातार विवादों में आ गई थी।

आरोपी की पहचान में जुटी पुलिस

सीओ प्रथम अभय कुमार पांडेय ने बताया कि मामले की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच के लिए टीम का गठन कर दिया गया है,  जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे और उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!