टहलने गए छात्र को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, उपचार के दौरान मौत
गभाना। क्षेत्र के गांंव बलवंत नगलिया में कटरा-बरौली मार्ग पर भाई-बहन के साथ टहलने गए छात्र को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में छात्र की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार गांव बलवंत नगलिया निवासी संजीव कुमार का 14 वर्षीय बेटा शौर्य प्रताप सिंह उर्फ लालू गभाना के एक स्कूल में आठवीं कक्षा का छात्र था। मंगलवार सुबह शौर्य अपने बड़े भाई बादल व परिवार की ही बहन साक्षी के साथ टहलने के लिए गया था। इसी दौरान गांव के ही पास कटरा-बरौली मार्ग पर किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में शौर्य प्रताप गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंच गए और आनन-फानन में घायल को उपचार के लिए अलीगढ़ के जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। जहां पर डॉक्टरों शौर्य प्रताप को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। हादसे के बाद मृतक छात्र के परिवार में कोहराम मच गया है।
————