सोने का नकली बिस्किट देकर की महिला से ठगी
इगलास। कस्बा में मथुरा की महिला को दो ठगों ने बातों में फंसाकर सोने का नकली बिस्कुट देकर ठगी का शिकार बना लिया। पीड़िता ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ठगों की तलाश में जुट गई है।
मथुरा के लोरिया पट्टी थाना मुगर्रा चौकी सोंख निवासी विमलेश कुमारी पत्नी मुकेश चंद्र अपने बेटे विकास के साथ विगत 14 फरवरी को गाैंडा क्षेत्र के गांव पीपली में अपने भाई सुभाष के यहां शादी समारोह में शामिल होने जा रही थी। इगलास कस्बा में मुख्य चौराहे पर बस से साथ उतरे दो अज्ञात लोगों ने महिला को अपनी बातों में फंसा लिया। उन्होंने लालच देकर कपड़े में लिपटा सोने का बिस्किट बताते हुए रुपये व सोने का पैंडल, एक अंगूठी ले ली। महिला ने बिस्किट को ज्वैलर्स से चेक कराया तो वह नकली निकला। महिला को धोखाधड़ी की जानकारी हुई तो उसने परिजनों काे सूचना दी और ठगों को तलाशने का प्रयास किया, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला। घटना के संबंध में पीड़िता के भाई सुभाष के प्रार्थना पत्र पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर ठगों की तलाश शुरू कर दी है।