हाईस्कूल की परीक्षा में दूसरे छात्र के स्थान पर परीक्षा दे रहा मुन्ना भाई पकड़ा
गभाना। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल की परीक्षा में दूसरे छात्र के स्थान पर परीक्षा दे रहे एक मुन्ना भाई को पकड़ लिया। जिसे पुलिस के हवाले कर दिया गया है। मामले में आरोपी मुन्ना भाई व छात्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
बता दें कि गुरुवार से यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षाएं शुरू हो गई। वीरपुरा स्थित श्री कल्याण इंटर कॉलेज में प्रथम पाली में हाईस्कूल की हिंदी की परीक्षा चल रही थी। इसी दौरान प्रधानाचार्य कुलदीप सिंह व कक्ष निरीक्षक परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र चैक करने लगे। तभी एक परीक्षार्थी कक्ष से भाग छूटा। जिस पर स्टाफकर्मियों ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम अर्जुन चौधरी पुत्र जगवीर सिंह निवासी उदयपुर बताया। उसने बताया कि वह करनपुर-उदयपुर स्थित भारत पब्लिक इंटर कॉलेज के छात्र निहाल सिंह पुत्र बनी सिंह निवासी कोका काकोरी जनपद हाथरस के स्थान पर परीक्षा दे रहा था। प्रधानाचार्य ने मुन्ना भाई को पुलिस को मौके पर बुलाकर सौंप दिया। इंस्पेक्टर सुधीर कुमार ने बताया कि प्रधानाचार्य की तहरीर पर अर्जुन चौधरी व निहाल सिंह के खिलाफ परीक्षा अधिनियम समेत सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है।