रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

ओगर में दो बच्चों की मां ने प्रेम प्रसंग में बाधक बनने पर प्रेमी से कराई थी पति की हत्या

- पुलिस ने आरोपी महिला व उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर भेजा जेल, हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी व फावड़ा किया बरामद

गभाना। क्षेत्र के गांव ओगर नगला राजू में दो बच्चों की मां ने प्रेम प्रसंग में बाधक बनने पर प्रेमी से पति की हत्या कराकर कूड़े के ढेर में दबवा दिया था। पुलिस ने आरोपी महिला व उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर युवक की हत्या का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी व फावड़ा भी बरामद किया है।

24 फरवरी को गायब हुआ था युवक

गांव के नेमसिंह का 35 वर्षीय छोटे बेटा जयवीर सिंह गांव में रहकर ही खेतीबाड़ी करते थे। बीती 24 फरवरी रात को जयवीर घर से अचानक गायब हो गए थे, जबकि उनका मोबाइल फोन व रुपये घर पर ही थे। देर रात तक जब वह घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने उन्हें काफी तलाश किया, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चल सका। मामले में पिता ने शनिवार को थाना में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।

मंगलवार को कूड़े के ढ़ेर में दिखा युवक का पैर

परिजन व पुलिस जयवीर सिंह की तलाश में जुटी हुई थी। मंगलवार को ग्रामीणों को पंचायत घर के पास कूड़े के ढ़ेर में एक युवक का पैर दिखाई पड़ा। जानकारी होने पर जयवीर के परिजनों के अलावा आस-पास के गांवों के लोग मौके पर एकत्रित हो गए। परिजनों ने युवक की पहचान जयवीर के रूप में कर ली। सूचना पाकर थाना पुलिस के अलावा सीओ गभाना शुबेंदु सिंह, फॉरेंसिक व डॉग स्क्वायड टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जयवीर के मौत का कारण सिर में चोट लगने व अधिक खून बहना होना आया था।

पिता ने कराई थी रिपोर्ट दर्ज

मामले में मृतक जयवीर के पिता नेमसिंह ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। जिसमें उन्होंने बताया कि गांव का दुष्यंत पुत्र खानचंद का उसके बेटा जयवीर के साथ दोस्ताना था और वह अक्सर उनके घर पर आता जाता था। उन्हें शक है कि दुष्यंत का जयवीर की पत्नी अंशु के साथ नाजायज संबंध हैं। 24 फरवरी की रात को उनके बेटे भूपेंद्र व पुष्पेंद्र ने जयवीर को दुष्यंत के साथ बाग की तरफ जाते हुए देखा था। उन्हें यकीन है कि दुष्यंत ने अंशु के साथ मिलकर उनके बेटे की हत्या की है।

घर पर आने-जाने के दौरान बने प्रेम संबंध

सीओ शुबेंदु सिंह ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज करने के साथ ही पुलिस ने दुष्यंत व अंशू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जिस पर दोनों ने हत्या करना कबूल किया। दुष्यंत ने बताया कि वह कई सालों से लगान पर अमरूद का बाग करता आ रहा है। बाग के सामने ही जयवीर का घर पड़ता है। दिन भर बाग में रहने के चलते जयवीर से उसकी मित्रता हो गई और उसके घर आना जाना शुरू हो गया। घर पर आने-जाने के दौरान ही उसके व अंशू के बीच प्रेम संबंध बन गए। जयवीर व उसके परिजनों को शक होने लगा। जयवीर अपनी पत्नी को दुष्यंत बात करने से रोकने लगा। इसी बात को लेकर कई बार पति-पत्नी के बीच विवाद भी हुआ।

बात करने से रोकने पर रास्ते से हटाया

पुलिस पूछताछ में आरोपी दुष्यंत ने बताया कि जयवीर ने जब अंशु को उससे बात करने पर पाबंदी लगा दी। जिस पर दोनों ने जयवीर को रास्ते से हटाने का प्लान बना लिया। 24 फरवरी को अंशू अपनी ननिहाल में एक तेरवीं के कार्यक्रम में शामिल होने के चली गई। इसी बीच दुष्यंत प्लान के मुताबिक रात में जयवीर को अपने साथ खेतों पर बुलाकर ले गया। जहां पर उसने मौका पाकर कुल्हाड़ी से जयवीर के सिर पर बार कर दिया। जिससे जयवीर अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ा और उसकी कुछ देर में ही मौत हो गई। आरोपी ने पंचायत घर के पास कूड़े के ढ़ेर में फावड़ा से गड्ढा खोदकर शव को दबा दिया।

सपने में जयवीर की हत्या होने की बताई बात

दुष्यंत ने जयवीर की हत्या कर शव को ठिकाने लगे की बात अंशू को फोन पर दे दी। जिस पर अंशू ने घटना की देर रात को अपने ससुराल में फोन करके बताया कि उसने सपना देखा कि जयवीर की किसी ने हत्या कर दी है। अगले दिन ही वह गांव लौट अाई। पति के लापता होने के बाद एक तरफ जहां परिजन काफी परेशान थे, वहीं अंशु सामान्य दिनों की तरह रह रही थी, जिस पर परिजनों को उस पर शक होने लगा। सीओ ने बताया कि आरोपी दुष्यंत की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी व फावड़ा को बरामद कर दोनों को जेल भेज दिया गया है।

गिरफ्तार करने वाली टीम में ये रहे शामिल

कार्यवाहक थाना प्रभारी बिजेंद्र सिंह, एसआई अजहर हसन, कांस्टेबल हरवीर सिंह, संजीव कुमार, जितेंद्र सिंह, करन सांगवान, महिला कांस्टेबल चिंकी, नीतू आदि शामिल रहे।

ओगर में चार दिन से लापता युवक का कूड़े के ढ़ेर में दबा मिला शव

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!