ओगर में चार दिन से लापता युवक का कूड़े के ढ़ेर में दबा मिला शव
- परिजनों ने गांव के एक युवक व मृतक की पत्नी के खिलाफ दी तहरीर
गभाना। क्षेत्र के गांव ओगर नगला राजू में चार दिन से लापता युवक का शव शुक्रवार को घर से ही कुछ दूरी पर पंचायत घर के पास कूड़े के ढ़ेर में दबा मिला। युवक का शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। मामले में मृतक के पिता की ओर से दो लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
शुक्रवार रात में हुआ था युवक गायब
गांव के नेमसिंह का 35 वर्षीय छोटा बेटे जयवीर सिंह गांव में रहकर ही खेतीबाड़ी करते थे। शुक्रवार रात को जयवीर घर से अचानक गायब हो गए। जबकि उनका मोबाइल फोन व रुपये घर पर ही थे। देर रात तक जब वह घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने उन्हें हर संभावित स्थानों पर तलाश किया, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चल सका। मामले में पिता ने शनिवार को थाना में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
ग्रामीणों को कूड़े के ढ़ेर में दिखा युवक का पैर
परिजन व पुलिस जयवीर सिंह की तलाश में जुटी हुई थी। मंगलवार को ग्रामीणों को पंचायत घर के पास कूड़े के ढ़ेर में एक युवक का पैर दिखाई पड़ा। जानकारी होने पर जयवीर के परिजनों के अलावा आस-पास के गांवों के लोग मौके पर एकत्रित हो गए। परिजनों ने युवक की पहचान जयवीर के रूप में कर ली। सूचना पाकर थाना पुलिस के अलावा सीओ गभाना शुबेंदु सिंह, फॉरेंसिक व डॉग स्क्वायड टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस टीम ने जांच करने के साथ ही साक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस ने शव को कूड़े के ढ़ेर से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक तीन भाई व एक बहन में सबसे छोटे थे और दो बच्चों के पिता थे।
पिता ने दर्ज कराई रिपोर्ट दर्ज
मामले में मृतक जयवीर के पिता नेमसिंह ने देर शाम को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। जिसमें उन्होंने बताया कि गांव का दुष्यंत पुत्र खानचंद का उसके बेटा जयवीर के साथ दोस्ताना था और वह अक्सर उनके घर पर आता जाता था। उन्हें शक है कि दुष्यंत का जयवीर की पत्नी के साथ नाजायज संबंध हैं। शुक्रवार रात को उनके बेटे भूपेंद्र व पुष्पेंद्र ने जयवीर को दुष्यंत के साथ बाग की तरफ जाते हुए देखा था। उन्हें यकीन है कि दुष्यंत ने जयवीर की पत्नी के साथ मिलकर उनके बेटे की हत्या की है।
मामले में की जा रही हैं जांच
सीओ शुबेंदु सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण पता चल सकेगा। मृतक के पिता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में आरोपी से पूछताछ करने के साथ विभिन्न पहलुओं पर जांच पड़ताल की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।