रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

संदिग्ध हालात में खेत पर मिला किसान का शव, परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप

चंडौस। क्षेत्र के गांव गंगेई में गुरुवार रात में किसान का संदिग्ध हालात में शव खेत में पड़ा मिला। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। परिजनों ने गांव के दो लोगों पर किसान की हत्या कर देने का आरोप लगाया है।

मिली जानकारी के अनुसार गंगेई निवासी 60 वर्षीय धर्मवीर सिंह चौधरी गुरुवार शाम को अपने खेतों पर आलू की फसल देखने के लिए गए थे, लेकिन वह देर रात तक घर नहीं लौटे। जिस पर परिजनों को चिंता हुई। परिजन किसान की तलाश करते हुए खेतों पर पहुंचे जहां पर वह मृत हालात में पड़े मिले। परिजनों के अनुसार किसान के सिर में चोट के निशान थे।

उन्होंने गांव के ही ट्रैक्टर चालक व एक अन्य युवक पर हत्या कर देने का आरोप लगाया। सूचना पाकर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और साक्ष्य एकत्रित किए। शुक्रवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौप दिया। घटना के बाद किसान के परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया। मृतक किसान दो बेटों के पिता थे। इंस्पेक्टर विनोद कुमार ने बताया कि किसान का संदिग्ध हालात में खेत में शव मिला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण पता चल सकेगा। मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

error: Content is protected !!